CG News: सीएम कैबिनेट की बैठक, कई योजनाओं को मंजूरी
CG News: मुख्यमंत्री मोहन यादव की कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगी है,इस बैठक में किसानों से लेकर पेंशनर्स तक, सबके लिए राहत और खुशखबरी से भरे निर्णय लिए गए हैं.
किसानों को बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कैबिनेट बैठक में किसानों को एक बड़ी सौगात दी है, सरकार ने सोयाबीन की खरीदी को लेकर बड़ा फैसला लिया है और भावांतर योजना को फिर से लागू करने की मंजूरी दे दी है, इस योजना के तहत अगर किसान अपना सोयाबीन एमएसपी से कम रेट पर बेचते हैं, तो सरकार उनके नुकसान की भरपाई करेगी, यानी मंडी रेट और एमएसपी के बीच जितना अंतर होगा, वह राशि सीधे सरकार किसानों को देगी.
योजना का उद्देश्य
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बैठक के बाद बताया कि सरकार की जिम्मेदारी है कि किसानों को नुकसान न हो, इसलिए यह योजना फिर से शुरू की जा रही है,उन्होंने बताया कि सोयाबीन का एमएसपी 5328 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है, लेकिन कई बार बाजार में इससे कम भाव मिलने से किसानों को घाटा होता है, अब किसानों को केवल इतना करना होगा कि भावांतर योजना में पंजीयन कराएं, और सरकार उनके नुकसान की पूरी भरपाई करेगी, यह फैसला प्रदेश के लाखों किसानों के लिए दिवाली से पहले एक बड़ा तोहफा माना जा रहा है.
महंगाई राहत राशि में वृद्धि
सरकार ने प्रदेश के डेढ़ लाख पेंशनर्स को भी दिवाली गिफ्ट दिया है, मोहन कैबिनेट ने फैसला लिया है कि पेंशन और पारिवारिक पेंशन में छठे और सातवें वेतनमान के आधार पर महंगाई राहत राशि बढ़ाई जाएगी, लंबे समय से पेंशनर्स इस मांग को उठा रहे थे, जिसे अब मंजूरी मिल गई है, इस फैसले से त्योहार के समय पेंशनर्स को बड़ी आर्थिक राहत मिलने जा रही है.
इसके अलावा भी बैठक में कई अहम प्रस्तावों को भी हरी झंडी दी गई, वित्तीय वर्ष 2025-26 में कोदों-कुटकी के उपार्जन के लिए रानी दुर्गावती श्री अन्न प्रोत्साहन योजना का लाभ दिया जाएगा और रेशम उत्पादन का लागत मूल्य बढ़ाकर 3.65 लाख से 5 लाख रुपए प्रति एकड़ कर दिया गया है, इसी के साथ 2023-24 के समर्थन मूल्य पर चमकविहीन गेहूं की प्रतिपूर्ति को मंजूरी दी गई है और विधायक मधु वर्मा को सीपीआर देने वाले आरक्षक अरुण भदौरिया को आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन देने का भी फैसला लिया गया है, कुल मिलाकर, मोहन कैबिनेट की यह बैठक किसानों और कर्मचारियों-दोनों वर्गों के लिए त्योहार से पहले राहत और विश्वास का संदेश लेकर आई है.