CG News: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिला नया जज, अगले 2 महीने में 3 जज होंगे रिटायर
CG News: सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का तबादला छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट करने की सिफारिश की है, CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता में 6 अगस्त को हुई कॉलेजियम की बैठक में यह फैसला लिया गया, उनके तबादले से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायिक कामकाज को मजबूती मिलने और लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी आने की उम्मीद है.
चार जजों को चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश
कॉलेजियम ने चार न्यायाधीशों को अलग-अलग हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की अनुशंसा भी की है, दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस वी. कामेश्वर राव को पटना हाईकोर्ट, बॉम्बे हाईकोर्ट के जस्टिस रविंद्र वी. घुगे को कलकत्ता हाईकोर्ट और इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी को बॉम्बे हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई है, वहीं पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा को उसी हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की अनुशंसा हुई है.
ओडिशा हाईकोर्ट के दो जजों का तबादला
कॉलेजियम ने ओडिशा हाईकोर्ट के दो न्यायाधीशों के तबादले की सिफारिश की है, जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट और जस्टिस मानस रंजन पाठक को गुजरात हाईकोर्ट भेजने की अनुशंसा की गई है, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में लंबित मामलों के बीच जस्टिस मोहपात्रा के आने से सुनवाई और मामलों के निपटारे की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है.
कौन हैं जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा
जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का जन्म 18 अप्रैल 1965 को हुआ था, उनके पिता सरत चंद्र मोहपात्रा भी न्यायाधीश रह चुके हैं, उन्होंने BA और LLB की पढ़ाई पूरी करने के बाद 7 फरवरी 1988 को ओडिशा स्टेट बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया, वकालत के दौरान उन्होंने सिविल, सेवा, आपराधिक और संवैधानिक मामलों में करीब 26 वर्षों तक काम किया, उन्हें कई महत्वपूर्ण कानूनी क्षेत्रों का अनुभव है.
17 अप्रैल 2015 को बने थे हाईकोर्ट जज
जस्टिस मोहपात्रा ने ओडिशा सरकार और ओडिशा लोक सेवा आयोग के लिए अतिरिक्त स्थायी वकील के रूप में भी काम किया, इसके अलावा NIOS, नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड, सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा सहित कई संस्थानों की ओर से अदालत में पैरवी की, उन्हें 17 अप्रैल 2015 को ओडिशा हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था, अब कॉलेजियम की सिफारिश के बाद उनका छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट तबादला होने का रास्ता साफ हुआ है.
अगले दो महीने में तीन जज होंगे रिटायर
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जस्टिस मोहपात्रा के आने की सिफारिश ऐसे समय हुई है जब अगले दो महीनों में तीन न्यायाधीश सेवानिवृत्त होने वाले हैं, जस्टिस संजय एस. अग्रवाल और जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल के अगस्त में रिटायर होने की जानकारी है, जबकि चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा सितंबर में सेवानिवृत्त होंगे, वर्तमान में चीफ जस्टिस समेत हाईकोर्ट में 13 जज कार्यरत हैं, ऐसे में आने वाले समय में न्यायाधीशों की संख्या कम होने के बीच नए जज की सिफारिश को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.