CG News: कोरबा में CBI की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते क्लर्क रंगे हाथों गिरफ्तार
CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए SECL कुसमुंडा के सीएमपीएफ विभाग में पदस्थ एक क्लर्क को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
PF निकालने के बदले मांगी गई रिश्वत
जानकारी के अनुसार, SECL कुसमुंडा में कार्यरत एक खदान कर्मी अपने पीएफ (PF) की राशि निकालना चाहता था। इसके लिए उसने सीएमपीएफ विभाग के क्लर्क मनोहर लाल कौशिक से संपर्क किया, आरोप है कि क्लर्क ने फाइल आगे बढ़ाने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की, जबकि पीएफ की राशि लगभग 5 लाख रुपये थी।
CBI को मिली शिकायत
क्लर्क की लगातार टालमटोल और रिश्वत मांगने से परेशान होकर खदान कर्मी ने भिलाई स्थित CBI कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए CBI ने एक विशेष टीम गठित की और कार्रवाई की योजना बनाई।
रविवार को जाल बिछाकर पकड़ा गया आरोपी
रविवार को CBI टीम ने कुसमुंडा में जाल बिछाया। चूंकि कार्यालय बंद था, इसलिए आरोपी क्लर्क ने शिकायतकर्ता को किसी अन्य स्थान पर बुलाया। जैसे ही उसने रिश्वत की रकम ली, CBI टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज
CBI ने आरोपी क्लर्क को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और जल्द ही उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
विभाग में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद SECL और संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है। वहीं खदान कर्मियों ने CBI की इस कार्रवाई की सराहना की है और कहा है कि पीएफ निकासी में हो रही देरी और रिश्वतखोरी लंबे समय से एक गंभीर समस्या बनी हुई थी।