CG News : जमीन कब्जा हटवाने गए, कोर्ट कर्मचारी से मारपीट
CG News : गरियाबंद जिले के अमलीपदर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश का पालन कराने पहुंचे कर्मचारी रामराव सोलंके पर गांव मूढगेलमाल माहुलपारा में 8 से 10 लोगों ने मिलकर बेरहमी से हमला कर दिया। जमीन पर लिटाकर बुरी तरह पीटे जाने का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, रामराव सोलंके 24 अप्रैल को कोर्ट के आदेश पर यादव परिवार से अवैध कब्जा हटवाने पहुंचे थे। कोर्ट का फैसला यादव परिवार के खिलाफ आया था, जिससे नाराज होकर उन्होंने कार्रवाई का विरोध किया और हमला कर दिया।
पीड़ित रामराव सोलंके ने बताया कि हमले के दौरान उनके साथ गाली-गलौज की गई, जान से मारने की धमकी दी गई, और उनका मोबाइल फोन तथा बैग छीनकर जरूरी दस्तावेज फाड़ दिए गए। इस हमले में उनके हाथ, पैर और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
इन आरोपियों पर दर्ज हुआ केस
इस हमले में शामिल छह आरोपियों — मेघनाथ यादव, दिलेश्वरी यादव, चुलेश्वर यादव, चयमनी यादव, गौमनी यादव और खमय बाई यादव — के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी फैजुल शाह ने बताया कि आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 221, 121(1), 132, 296, 351(2), और 191(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के समय मौके पर राजस्व विभाग के अधिकारी, कोटवार, पटवारी और कई ग्रामीण मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव का प्रयास भी किया।
जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घायल कर्मचारी को प्राथमिक उपचार के बाद आगे की चिकित्सा सहायता दी जा रही है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।