CG News: कथावाचक डॉ. रामानुरागी महाराज का आरोप, मंत्री राजेश अग्रवाल पर कथा के 15 लाख रुपये नहीं देने का दावा
CG News: छत्तीसगढ़ के कथावाचक डॉ. रामानुरागी महाराज ने एक वीडियो जारी कर विधानसभा के बाहर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है, उनका आरोप है कि, राज्य के मंत्री राजेश अग्रवाल ने उनसे श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन करवाया, लेकिन करीब 15 लाख रुपये का भुगतान अब तक नहीं किया गया.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
कांग्रेस नेता धनंजय ठाकुर ने कथावाचक का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, वीडियो में कथावाचक दावा कर रहे हैं कि, उन्होंने 2 जनवरी से 9 जनवरी 2026 तक अंबिकापुर के लखनपुर गांव में भव्य श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया था.
![]()
मंत्री ने आरोपों को बताया गलत
मंत्री राजेश अग्रवाल ने इन आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया है, उनका कहना है कि डॉ. रामानुरागी महाराज ने आयोजन के लिए संस्कृति विभाग में आवेदन दिया था, जिस पर उन्होंने सामान्य प्रक्रिया के तहत रिमार्क किया था, लेकिन विभाग ने उस आवेदन को स्वीकृति नहीं दी और उसे निरस्त कर दिया.
आवेदन रिजेक्ट होने के बाद पैसे मांगने का आरोप
मंत्री अग्रवाल का कहना है कि संस्कृति विभाग में इस प्रकार के आयोजनों के लिए भुगतान की व्यवस्था नहीं होती, आवेदन रिजेक्ट होने के बाद कथावाचक उनसे पैसे मांग रहे हैं, उन्होंने बताया कि दो दिन पहले विधानसभा के बाहर उनकी मुलाकात डॉ. रामानुरागी महाराज से हुई थी, लेकिन वे जल्दबाजी में थे और आगे बढ़ गए, इसके बाद ही यह वीडियो सामने आया.
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता धनंजय ठाकुर ने इस मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं, उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक स्थिति है, एक ओर सरकार दूसरे राज्यों के कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को विशेष सम्मान के साथ बुलाती है, वहीं छत्तीसगढ़ के स्थानीय कथावाचकों का भुगतान तक नहीं किया जा रहा.