Bihar News: पीएम मोदी का जनसभा को संबोधन, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का जिक्र
Bihar News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दौरे में समस्तीपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, आज बिहार का कोई ऐसा कोना नहीं है, जहां विकास का कोई काम न हो रहा हो, एनडीए की सरकार सड़क, बिजली, पानी, इन्टरनेट और गैस को मात्र सुविधा नहीं मानती, बल्कि ये सशक्तिकरण और समृद्धि के माध्यम हैं.
पीएम मोदी का जनसभा को संबोधन
पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, कांग्रेस के समय में जितना पैसा बिहार को मिला था, उससे तीन गुना ज्यादा पैसा भाजपा, एनडीए सरकार ने बिहार के विकास के लिए दिया है और जब तीन गुना ज्यादा आएगा तो विकास भी तीन गुना ज्यादा होगा, पीएम मोदी ने कहा कि, समस्तीपुर से पूर्णिया तक सिक्स लेन हाइवे बन रहा है, नई रेल लाइनें बन रही हैं, वन्दे भारत जैसी ट्रेनें चल रहीं हैं और बिहार में बिजली के नए-नए कारखाने स्थापित किए जा रहे हैं.
RJD और कांग्रेस का विकास से छत्तीस का आंकड़ा : पीएम मोदी
पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, RJD और कांग्रेस को मात्र अपने परिवारों के राजनीतिक भविष्य की चिंता है, इसलिए आज वो बिहार की जनता के सामने झूठ के नए रिकॉर्ड बना रही है, RJD और कांग्रेस का विकास से छत्तीस का आंकड़ा है, जहां RJD जैसा दल हो, वहाँ कानून व्यवस्था हो हीं नहीं सकती.
पीएम मोदी ने जनसभा संबोधन में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का भी जिक्र किया, उन्होंने कहा कि, इस समय बिहार में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की प्रशंसा की जा रही है, बिहार की एक करोड़ बीस लाख बहनों को रोजगार के लिए हर एक बहन के बैंक खाते में 10 हजार रुपए तक की सहायता भेजी जा रही है, पीएम मोदी ने जनसभा को विश्वास दिलाते हुए कहा कि, बिहार में यदि 14 नवंबर के बाद फिर से एनडीए की सरकार बनेगी तो बिहार की लाखों बहनों को रोजगार बढ़ाने के लिए और अधिक प्रोत्साहन दिया जाएगा.