CG News: रायपुर में 16 अक्टूबर से भारत-जिम्बाब्वे महिला T20 सीरीज, ₹250 से शुरू होंगी टिकटें, 12 अक्टूबर से बिक्री जारी
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीन मैचों की T20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जाएगी, यह मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से खेले जाएंगे, रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए महज 250 रुपये की न्यूनतम कीमत पर अंतरराष्ट्रीय मैच देखने का बेहतरीन अवसर होगा.
₹250 से टिकटें शुरू
मैच के लिए टिकटों की दरें घोषित कर दी गई हैं, जहाँ लोअर स्टैंड्स की टिकटें 250 रुपये में उपलब्ध होंगी, वहीं दर्शकों के लिए 350 रुपये का दो-मैच कॉम्बो और 499 रुपये में तीनों मैचों के लिए सीरीज टिकट का विकल्प भी दिया गया है, वीआईपी और प्रीमियम श्रेणी की टिकटें 2,000 से 3,500 रुपये के बीच हैं, जबकि कॉर्पोरेट बॉक्स का मूल्य 70 हजार रुपये तय किया गया है.
12 अक्टूबर से ऑनलाइन बिक्री
मैच के लिए ऑनलाइन टिकट बिक्री 12 अक्टूबर को शाम 4 बजे से शुरू होगी, एक आईडी से अधिकतम छह टिकट खरीदे जा सकेंगे, इस बार व्यवस्था को आधुनिक बनाते हुए पूरी तरह डिजिटल टिकट प्रणाली लागू की गई है, जिससे दर्शकों को लाइन में लगकर फिजिकल टिकट लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे सीधे क्यूआर कोड (QR Code) स्कैन कर स्टेडियम में प्रवेश कर सकेंगे.
एनजीटी (NGT) विवाद से मिली क्लीयरेंस
मैच आयोजन से पहले ग्राउंड वाटर के उपयोग से जुड़े एनजीटी मामले को लेकर आ रही रुकावट दूर हो गई है और अदालत से आयोजन के लिए क्लीयरेंस मिल चुका है, स्टेडियम में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) और फ्लो मीटर स्थापित कर दिए गए हैं, जिससे मैदान में पानी की कुल खपत की पारदर्शी निगरानी की जा सकेगी.
11 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी भारतीय टीम
सीरीज की तैयारियों के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम 11 अक्टूबर को रायपुर पहुँचेगी और 12 अक्टूबर की शाम से स्टेडियम में अभ्यास सत्र शुरू करेगी, वहीं जिम्बाब्वे की टीम 12 अक्टूबर को रायपुर पहुँचेगी और 13 अक्टूबर से मैदान में पसीना बहाएगी, दोनों टीमों के आगमन को लेकर क्रिकेट संघ और स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व ठहरने के पुख्ता इंतजाम किए हैं.
One thought on “CG News: रायपुर में 16 अक्टूबर से भारत-जिम्बाब्वे महिला T20 सीरीज, ₹250 से शुरू होंगी टिकटें, 12 अक्टूबर से बिक्री जारी”