CG News: राजनांदगांव सड़क परियोजनाओं में भ्रष्टाचार की जांच, 4 अफसरों की समिति गठित
CG News: लोक निर्माण विभाग ने राजनांदगांव-खैरागढ़ मुख्य मार्ग के नवीनीकरण और राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं में मिली गड़बड़ियों की जांच शुरू कर दी है. निर्माण कार्यों में घटिया गुणवत्ता और भ्रष्टाचार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने चार वरिष्ठ अधिकारियों की एक विशेष जांच समिति का गठन किया है.
3 दिनों के भीतर देनी होगी रिपोर्ट
गठित जांच समिति को निर्माण कार्य के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं. समिति में मुख्य अभियंता व्ही.एस. कोरम, अधीक्षण अभियंता राजीव नशीने, और कार्यपालन अभियंता प्रभात सक्सेना तथा सी.एस. ओगरे शामिल हैं. यह समिति अपनी जांच पूरी कर तीन दिनों के भीतर प्रमुख अभियंता को रिपोर्ट सौंपेगी.
प्रयोगशाला में होगी तकनीकी मानकों की जांच
जांच समिति सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और तकनीकी मानकों की स्वतंत्र प्रयोगशाला से जांच कराएगी. इसमें जीएसबी (GSB), डब्लूएमएम (WMM) सब-ग्रेड, डामरीकरण और बिटुमिन की मात्रा की जांच होगी. इसके अलावा सड़क की मोटाई, घनत्व, ग्रेडेशन, समतलता और लेवल जैसे सभी मानकों की तकनीकी रूप से परख की जाएगी.
अधिकारियों और ठेकेदारों की तय होगी जवाबदेही
समिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार एजेंसी की भूमिका की विस्तृत समीक्षा करेगी. जांच पूरी होने तक संबंधित प्रोजेक्ट्स के भुगतान पर रोक लगाने पर भी विचार किया जा रहा है. यदि गुणवत्ता से समझौता या वित्तीय अनियमितता सिद्ध होती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश
जांच के साथ-साथ डोंगरगांव-कुमरदा जैसे प्रभावित क्षेत्रों में जहां सड़कें उखाड़कर छोड़ दी गई हैं, वहां तुरंत सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं. यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग, मरम्मत कार्य और चेतावनी संकेत बोर्ड लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि आम जनता को असुविधा न हो.