CG News: छत्तीसगढ़ में नवरात्रि से पहले नया विवाद, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने मुस्लिम युवाओं से की गरबा न जाने की अपील
CG News: छत्तीसगढ़ में नवरात्रि पर्व की शुरुआत से ठीक पहले एक नया सियासी और सामाजिक विवाद खड़ा हो गया है. छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज के एक बयान के बाद से प्रदेश का राजनीतिक माहौल पूरी तरह से गरमा गया है.
“गरबा मनोरंजन नहीं, आस्था का केंद्र”: वक्फ बोर्ड अध्यक्ष
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने मुस्लिम समाज के युवाओं से गरबा आयोजनों में शामिल न होने की अपील की है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गरबा कोई पर्यटन स्थल या मनोरंजन का केंद्र नहीं है, बल्कि यह सनातन धर्म की आस्था का विषय है. उन्होंने कहा कि इस्लाम में मूर्ति पूजा की मनाही है, इसलिए जहां मूर्ति पूजा होती है, वहां मुस्लिम युवाओं का जाना उचित नहीं है.
‘गरबा में जाना है तो करें मूर्ति पूजा, लगाएं तिलक‘
डॉ. सलीम राज ने कहा कि यदि कोई मुस्लिम युवा इसके बावजूद गरबा पंडालों में शामिल होता है, तो वह पूरी आस्था के साथ मूर्ति पूजा करे, हाथों में कलावा बांधे और माथे पर तिलक भी लगाए. उन्होंने कहा कि केवल मनोरंजन के उद्देश्य से या पहचान छिपाकर किसी धार्मिक आयोजन में शामिल होना गलत है.
अपनी मां-बहनों के साथ ही जाएं, दूसरे समाज के साथ नहीं
उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील करते हुए कहा कि यदि गरबा में शामिल होना ही है तो अपनी मां, बहनों और बेटियों के साथ जाएं. उन्होंने युवाओं से दूसरे समाज की महिलाओं या युवतियों के साथ गरबा न खेलने की हिदायत दी. उन्होंने कहा कि गरबा पंडालों से अक्सर छेड़छाड़ और पहचान छिपाकर शामिल होने की शिकायतें आती हैं.
नाम बदलकर जाने वालों पर FIR दर्ज कराने की मांग
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने आयोजकों और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नाम या पहचान बदलकर गरबा पंडालों में प्रवेश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज की जाए. उनके इस बयान के बाद से प्रदेश में पक्ष-विपक्ष और धार्मिक संगठनों के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं.
One thought on “CG News: छत्तीसगढ़ में नवरात्रि से पहले नया विवाद, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने मुस्लिम युवाओं से की गरबा न जाने की अपील”