CG News: सक्ती में 2 लाख पीएम आवासों का होगा गृह प्रवेश, शिवराज चौहान और CM साय करेंगे 122 करोड़ के कार्यों का शुभारंभ
CG News: केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि-किसान कल्याण मंत्री शिवराज चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 11 सितंबर को सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में ग्रामीण विकास से जुड़ी कई योजनाओं का शुभारंभ करेंगे. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत बनाए गए 2 लाख नवनिर्मित आवासों के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया जाएगा. इस दौरान लाभार्थियों को खुशियों की चाबी भी प्रदान की जाएगी.
122 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्य
आयोजन के दौरान करीब 122 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा. इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को गति मिलने की उम्मीद है. सरकार की ओर से ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों को मजबूत करने के साथ लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है.
PMAY-G में AI तकनीक का होगा इस्तेमाल
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन और सेल्फ जियो-टैग रिपोर्ट प्रणाली की शुरुआत भी की जाएगी. इस तकनीकी व्यवस्था के जरिए आवास निर्माण की निगरानी को ज्यादा पारदर्शी और प्रभावी बनाने का प्रयास होगा. इसके साथ ही विकसित भारत-जी राम जी के अंतर्गत धार अपार अभियान और सुघ्घर बाड़ी अभियान का भी शुभारंभ किया जाएगा.
ग्रामीण महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने की पहल
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर का विमोचन किया जाएगा. वहीं ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के साथ उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से ‘आजीविका से उद्यमिता की ओर’ चैलेंज फंड इवेंट की शुरुआत होगी. इससे ग्रामीण स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जाएगा.
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली रानी मिस्त्री, लखपति दीदियों और ड्रोन दीदियों को सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली राज्य की 5 पंचायतों के प्रतिनिधियों का भी सम्मान होगा. आयोजन के जरिए ग्रामीण आवास, बुनियादी सुविधाओं, आजीविका और महिला उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं को एक साथ गति देने का प्रयास किया जाएगा.
One thought on “CG News: सक्ती में 2 लाख पीएम आवासों का होगा गृह प्रवेश, शिवराज चौहान और CM साय करेंगे 122 करोड़ के कार्यों का शुभारंभ”