CG News: पिज्जा-दाल बाटी खाने के बाद 3 बहनों की मौत, परिवार में मचा कोहराम
CG News: जांजगीर-चांपा जिले के एक परिवार के लिए इंदौर से लौटने का सफर बेहद दर्दनाक साबित हुआ. ग्राम मुरलीडीह का परिवार रोजगार के सिलसिले में मध्यप्रदेश में रह रहा था. 23 अगस्त की रात परिवार ने पिज्जा और दाल-बाटी खाया था, जिसके बाद पांचों की तबीयत बिगड़ने लगी. तीन मासूम बेटियों को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई, जिसके बाद इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई.
दो बेटियों ने अस्पताल में तोड़ा दम
जानकारी के मुताबिक, नरेंद्र सिंह सांडे अपनी पत्नी अमरोतिन और बेटियों आशी, विशुका और विधि के साथ बेटमा थाना क्षेत्र की लाइफ सिटी कॉलोनी में रह रहे थे. परिवार के अनुसार, खाना खाने के बाद सभी की तबीयत खराब हुई. विशुका और विधि की हालत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां 25 अगस्त की रात दोनों ने दम तोड़ दिया. इसके बाद परिवार दोनों बच्चियों के शव लेकर पैतृक गांव के लिए रवाना हुआ.
रास्ते में तीसरी बेटी की भी बिगड़ी हालत
दो बच्चियों की मौत के बाद परिवार शव लेकर गांव लौट रहा था, तभी बड़ी बेटी आशी की तबीयत भी अचानक गंभीर हो गई. परिजनों ने उसे इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान 26 अगस्त को उसकी भी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर इटारसी पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की. तीनों बच्चियों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है.
फूड पॉइजनिंग की आशंका
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि खाना खाने के बाद ही परिवार की तबीयत खराब हुई थी. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि किस खाद्य पदार्थ के कारण बीमारी हुई. पुलिस बेटमा स्थित परिवार के घर से खाने-पीने की वस्तुओं और पानी के सैंपल जुटा रही है. बच्चियों के बिसरा सैंपल भी फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे, ताकि मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके.
माता-पिता का अस्पताल में इलाज जारी
तीनों बच्चियों के पिता नरेंद्र और मां अमरोतिन का इटारसी के अस्पताल में उपचार चल रहा है. परिवार की ओर से बताया गया है कि 23 अगस्त की रात अलग-अलग समय पर भोजन किया गया था. वहीं, जिस पारिवारिक मित्र के घर दाल-बाटी खाया गया था, वहां मौजूद अन्य लोग स्वस्थ बताए जा रहे हैं. बेटमा पुलिस के मुताबिक पिज्जा से फूड पॉइजनिंग की आशंका भी जांच का हिस्सा है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष फॉरेंसिक और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी