CG News: महतारी वंदन योजना में बड़ा खुलासा, 11 अपात्र महिलाओं से होगी 1.24 लाख की वसूली
CG News: छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना में अपात्र लोगों के लाभ लेने का मामला सामने आया है. बिल्हा ब्लॉक में जांच के दौरान 11 महिलाओं को योजना के लिए अपात्र पाया गया है. इन महिलाओं के परिवारों में पति या स्वयं के शासकीय सेवा में होने की जानकारी सामने आई है. जांच के बाद अब नियम विरुद्ध मिली राशि की वसूली की तैयारी शुरू कर दी गई है.
11 महिलाओं के खातों में पहुंची राशि
एकीकृत बाल विकास परियोजना, बिल्हा की जांच में सामने आया कि चिन्हित महिलाओं के खातों में योजना की राशि पहुंचती रही. जांच के दौरान रत्ना क्षत्री, गंगा बाई, रमा वर्मा, दिनेश्वरी कुरें, कुसुम यादव, गोदावरी कौशिक समेत कुल 11 महिलाओं को अपात्र पाया गया. इनके परिवारों में शासकीय सेवा से जुड़े लोगों की जानकारी जांच में सामने आई है.
1 लाख 24 हजार रुपए की होगी वसूली
जांच में अपात्र पाए गए हितग्राहियों के खातों में नियम विरुद्ध तरीके से कुल 1 लाख 24 हजार रुपए पहुंचने की बात सामने आई है. महिला एवं बाल विकास विभाग ने मामले की जानकारी बिल्हा के विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भेजी. इसके बाद संबंधित लोगों को राशि वापस जमा कराने के लिए चालान जारी किए गए हैं.
राशि नहीं लौटाई तो वेतन से कटौती
बीईओ कार्यालय के अनुसार संबंधित शासकीय कर्मचारियों से राशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. उन्हें निर्धारित समय में चालान के जरिए रकम जमा करने के निर्देश दिए गए हैं. यदि तय समय में राशि जमा नहीं की जाती है, तो नियमों के तहत संबंधित कर्मचारियों के वेतन से रिकवरी की जाएगी.
हर महीने मिलती है एक हजार रुपए की सहायता
महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को राज्य सरकार की ओर से हर महीने 1 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है. योजना का लाभ लेने के लिए पात्रता की निर्धारित शर्तों को पूरा करना जरूरी है. बिल्हा में सामने आए इस मामले के बाद विभाग अब अपात्र हितग्राहियों से राशि की वसूली की कार्रवाई कर रहा है.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर में सोशल मीडिया पोस्ट पर FIR, अमित शाह और अधिकारियों को लेकर आपत्तिजनक कंटेंट का आरोप