CG News: छत्तीसगढ़ में LPG कनेक्शन का संकट, अब 5000 रुपए में मिलेगा 10 किलो का प्रीमियम सिलेंडर
CG News: छत्तीसगढ़ में पिछले करीब 5 महीने से नए घरेलू LPG कनेक्शन जारी नहीं हो रहे हैं, इसके चलते प्रदेश की गैस एजेंसियों में 2 लाख से ज्यादा आवेदन लंबित बताए जा रहे हैं, नए उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए सरकारी तेल कंपनियां अब 10 किलो क्षमता वाला प्रीमियम फाइबर सिलेंडर उपलब्ध करा रही हैं, पुरानी व्यवस्था बहाल होने तक नए ग्राहकों को इसी विकल्प के जरिए कनेक्शन देने की तैयारी है.

करीब 5000 रुपए में मिलेगा कनेक्शन
इंडेन की ओर से रायपुर में प्रीमियम सिलेंडर की शुरुआत पहले ही की जा चुकी है, वहीं 14 अगस्त को BPCL भी रायपुर में इस सुविधा को लॉन्च करने जा रहा है, प्रीमियम कनेक्शन की कीमत करीब 5000 रुपए बताई जा रही है, इसमें लगभग 2500 रुपए सिक्योरिटी डिपॉजिट और करीब 1200 रुपए GST, पाइप, रेगुलेटर और प्रशासनिक शुल्क समेत अन्य खर्च शामिल हैं, कनेक्शन एजेंसी के साथ कंपनी के ऐप से भी लिया जा सकेगा.
फाइबर सिलेंडर में कई खासियत
10 किलो का प्रीमियम सिलेंडर फाइबर से तैयार किया गया है, जिसके चलते इसका वजन पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की तुलना में काफी कम होगा, सिलेंडर पारदर्शी होने के कारण उपभोक्ता इसमें मौजूद गैस का स्तर आसानी से देख सकेंगे, कंपनी के अनुसार फाइबर बॉडी के कारण इसे अधिक सुरक्षित बनाया गया है, इसके अलावा बुकिंग के करीब 4 घंटे के भीतर डिलीवरी देने का दावा भी किया जा रहा है.
घरेलू गैस से ज्यादा महंगा रिफिल
प्रीमियम सिलेंडर की रिफिल सामान्य घरेलू LPG की तुलना में काफी महंगी होगी, मौजूदा दरों के हिसाब से घरेलू गैस करीब 71 रुपए प्रति किलो और कमर्शियल गैस करीब 146 रुपए प्रति किलो पड़ती है, जबकि प्रीमियम सिलेंडर में गैस की कीमत करीब 166 रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकती है, घरेलू कनेक्शन पर मिलने वाली सब्सिडी का लाभ प्रीमियम सिलेंडर पर नहीं मिलेगा, जिससे उपभोक्ता पर अतिरिक्त खर्च पड़ेगा.
15 अगस्त तक KYC जरूरी
छत्तीसगढ़ में करीब 63.3 लाख LPG उपभोक्ता बताए जा रहे हैं और सभी के लिए KYC कराना जरूरी किया गया है, 15 अगस्त तक KYC पूरी नहीं होने पर कनेक्शन ब्लॉक होने की स्थिति बन सकती है, गैस एजेंसियों के मुताबिक कुछ कनेक्शन ऐसे लोगों के नाम पर भी हैं जिनकी मृत्यु हो चुकी है, ऐसे मामलों में परिवार के सदस्यों को मृत्यु प्रमाणपत्र के साथ संबंधित गैस एजेंसी में आवेदन कर कनेक्शन अपडेट कराना होगा.