CG Weather News: छत्तीसगढ़ में मानसून हुआ सक्रिय, अगले 5 दिन बारिश और वज्रपात की संभावना
CG Weather News: छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग, IMD के रायपुर केंद्र के अनुसार आज प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है.
पिछले 24 घंटे में कई जिलों में अच्छी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मध्यम बारिश दर्ज की गई. वहीं रायपुर और सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई. बारिश के चलते मौसम सुहावना बना रहा और अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली.
अब भी सामान्य से कम है मानसूनी बारिश
हालांकि पूरे मानसून सीजन की बात करें तो प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 24 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और वर्षा की कमी धीरे-धीरे कम हो सकती है.
21 से 26 जुलाई तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 21 से 26 जुलाई के बीच छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. इस दौरान अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें. भारी बारिश की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट का पालन करें.