CG News: रायपुर में देवकीनंदन ठाकुर बोले, तीर्थों की पवित्रता और धार्मिक मर्यादा बनाए रखना हर श्रद्धालु की जिम्मेदारी
CG News: रायपुर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने तीर्थ स्थलों की पवित्रता और धार्मिक मर्यादा बनाए रखने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि आज कई लोग तीर्थों को केवल घूमने-फिरने का स्थान समझने लगे हैं, जबकि ये आस्था, साधना और आत्मशुद्धि के केंद्र हैं. उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि तीर्थ स्थलों को पिकनिक स्पॉट न बनाएं और वहां की परंपराओं तथा अनुशासन का सम्मान करें.
सच्ची भक्ति का बताया महत्व
प्रवचन के दौरान देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि भगवान को बाहरी दिखावा नहीं, बल्कि सच्चे मन की भक्ति प्रिय होती है. पूतना प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान भाव देखते हैं और जो व्यक्ति अहंकार व स्वार्थ छोड़कर उनकी शरण में आता है, उसका कल्याण होता है.
माता-पिता के सम्मान पर दिया जोर
उन्होंने कहा कि माता-पिता का सम्मान करना हर संतान का पहला धर्म है. साथ ही उन्होंने बच्चों के नाम भगवान के नाम पर रखने की परंपरा को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे घर-परिवार में बार-बार प्रभु का स्मरण होता रहता है और आध्यात्मिक वातावरण मजबूत होता है.
गोवर्धन परिक्रमा महोत्सव में उमड़े श्रद्धालु
कथा के दौरान गोवर्धन परिक्रमा महोत्सव भी आयोजित किया गया. श्रद्धालुओं ने मानसिक रूप से गोवर्धन की परिक्रमा कर गिरिराज महाराज का स्मरण किया. कथा पंडाल में भजन-कीर्तन और जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने परिक्रमा में शामिल होकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
कई जनप्रतिनिधियों ने भी किया कथा श्रवण
कथा संयोजक योगेश अग्रवाल ने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने पहुंच रहे हैं. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उनकी पत्नी कौशल्या साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और मंत्री टंकराम वर्मा भी शामिल हुए. सभी ने व्यासपीठ का आशीर्वाद लेकर कथा श्रवण किया. कथा स्थल पर लागू “नो तिलक, नो एंट्री” व्यवस्था का भी श्रद्धालुओं ने अनुशासनपूर्वक पालन किया.