CG News: राजिम नगर पंचायत का हुआ नगर पालिका में उन्नयन, विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार
CG News: छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी राजिम को बड़ी सौगात मिली है. राज्य सरकार ने लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए राजिम नगर पंचायत का नगर पालिका के रूप में उन्नयन कर दिया है. नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है. इसके साथ ही राजिम अब आधिकारिक रूप से नगर पालिका बन गया है.
सरकार ने जारी की अधिसूचना
राज्य शासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, राजिम नगर पंचायत की वर्तमान सीमाएं ही नई नगर पालिका की सीमाएं रहेंगी. इस निर्णय के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों को शहर के विकास में तेजी आने की उम्मीद है.
शहरी विकास को मिलेगी नई दिशा
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि नगर पालिका बनने से राजिम के सुनियोजित विकास के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे. सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन और अन्य शहरी सुविधाओं के विस्तार में तेजी आएगी. साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से नागरिकों तक पहुंच सकेगा.
लंबे समय से उठ रही थी मांग
राजिम के जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक काफी समय से नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा देने की मांग कर रहे थे. शहर की बढ़ती आबादी, धार्मिक महत्व और लगातार बढ़ते शहरी विस्तार को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है.
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
राजिम को छत्तीसगढ़ का ‘प्रयागराज’ कहा जाता है. यहां आयोजित होने वाले राजिम कुंभ कल्प में हर वर्ष देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. नगर पालिका बनने के बाद धार्मिक पर्यटन, शहरी अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.
नागरिकों को होंगे कई फायदे
नगर पालिका बनने से राजिम को विकास कार्यों के लिए अधिक बजट मिलने की संभावना है. इससे सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट और शहरी सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों में तेजी आएगी. साथ ही नए विकास कार्यों की स्वीकृति और क्रियान्वयन आसान होगा तथा केंद्र और राज्य सरकार की शहरी विकास योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी तरीके से स्थानीय नागरिकों तक पहुंचेगा.