CG News: पति की जमा राशि निकालने पहुंची विधवा से मांगी रिश्वत, बैंक मैनेजर का कथित वीडियो वायरल
CG News: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक सहकारी बैंक शाखा की प्रबंधक पर रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगा है। मामला ग्राम निपानिया स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा का है, जहां एक विधवा महिला ने आरोप लगाया है कि अपने दिवंगत पति के खाते में जमा राशि निकालने के लिए उससे रिश्वत मांगी गई।
1.10 लाख रुपये निकालने पहुंची थी महिला
पीड़ित महिला के अनुसार उसके पति का एक वर्ष पहले निधन हो चुका है। वह अपने पति के बैंक खाते में जमा लगभग 1.10 लाख रुपये निकालने बैंक पहुंची थी। महिला का कहना है कि वह खाते की नामिनी है, इसके बावजूद बैंक प्रक्रिया पूरी करने के लिए उससे पैसों की मांग की गई।
10 हजार की मांग
महिला ने आरोप लगाया कि शाखा प्रबंधक अनिता पांडेय ने शुरुआत में 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में 5 हजार रुपये देने पर काम करने की बात कही गई। इसी दौरान महिला के साथ मौजूद एक ग्रामीण ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कलेक्टर से की शिकायत
पीड़िता ने जनदर्शन में पहुंचकर जिला प्रशासन से मामले की शिकायत की है। महिला ने कथित लेन-देन का वीडियो भी अधिकारियों को सौंपा है। शिकायत में उसने निष्पक्ष जांच, संबंधित अधिकारी के निलंबन और एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने इसकी जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध वीडियो की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, क्षेत्र के विधायक इंद्र साव ने भी बैंक शाखा प्रबंधक की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी हैं और मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
क्षेत्र में लोगों का आक्रोश
घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि एक गरीब विधवा महिला को अपने अधिकार की राशि प्राप्त करने के लिए रिश्वत देनी पड़े, तो यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है, फिलहाल प्रशासनिक जांच शुरू हो चुकी है और पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और संबंधित अधिकारी के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।