CG News: छत्तीसगढ़ में 1 जुलाई नहीं, इस तारीख से खुलेंगे स्कूल! शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश
CG News: छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर शिक्षा विभाग ने बड़ा स्पष्टीकरण जारी किया है। विभाग ने साफ कर दिया है कि राज्य के स्कूलों को 1 जुलाई से खोलने की कोई योजना नहीं है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही यह खबर पूरी तरह भ्रामक और असत्य है।
1 जुलाई से स्कूल खुलने की खबर निकली फर्जी
लोक शिक्षण संचालनालय ने 13 जून को जारी निर्देश में कहा है कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विद्यालयों के 1 जुलाई 2026 से खुलने की झूठी जानकारी प्रसारित की जा रही है। विभाग ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से ऐसी अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
16 जून से खुलेंगे सभी स्कूल
शिक्षा विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी सरकारी और निजी विद्यालय निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून 2026 से खुलेंगे। इसी दिन राज्यभर में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से नए विद्यार्थियों का स्वागत किया जाएगा।
जनभागीदारी से मनाया जाएगा शाला प्रवेश उत्सव
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने गांवों और शहरी वार्डों में मुनादी कराकर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि शाला प्रवेश उत्सव को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।
तीन सत्रों में होंगी स्कूल की गतिविधियां
विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विद्यालयों में दिनभर की गतिविधियों को तीन चरणों में संचालित किया जाएगा। सुबह प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र तथा महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनी का वाचन किया जाएगा, दोपहर में मध्यान्ह भोजन से पहले छात्र-छात्राएं सामूहिक रूप से भोजन मंत्र का पाठ करेंगे। वहीं विद्यालय की छुट्टी के समय राज्य गीत, गायत्री मंत्र और शांति मंत्र का सामूहिक गायन किया जाएगा।