CG News: हैदराबाद में इन्वेस्टर कनेक्ट: छत्तीसगढ़ को मिले 9580 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 7800 से ज्यादा रोजगार की उम्मीद
CG News: छत्तीसगढ़ में निवेश को बढ़ावा देने के लिए तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में ‘इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में देशभर के प्रमुख उद्योगपति और निवेशक शामिल हुए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निवेशकों को संबोधित करते हुए राज्य की औद्योगिक नीतियों और संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
‘रेड कारपेट’ नीति से निवेशकों को आकर्षित करने की कोशिश
सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने निवेशकों के लिए ‘रेड कारपेट’ नीति अपनाई है। उन्होंने दावा किया कि राज्य अब तक देश और विदेश से 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त कर चुका है।
मध्य भारत का लॉजिस्टिक हब बनने की क्षमता
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ में मध्य भारत का बड़ा लॉजिस्टिक हब बनने की पूरी क्षमता है। उन्होंने बताया कि राज्य की सीमाएं 7 राज्यों से जुड़ी हैं, जिससे लगभग 60 करोड़ लोगों तक सीधी पहुंच संभव है, इसके साथ ही रेलवे नेटवर्क, भारतमाला परियोजना, एयर कार्गो सुविधा और खनिज संसाधनों को राज्य की बड़ी ताकत बताया गया।
9580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले
हैदराबाद में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य को कुल 9580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। ये प्रस्ताव 7 प्रमुख कंपनियों की ओर से दिए गए हैं, जिनसे लगभग 7800 से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है। कार्यक्रम में वाणिज्य और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन भी मौजूद रहे।
4200 करोड़ का डेटा सेंटर बनेगा
सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव हाइपरनेक्स्ट डेटा सेंटर लिमिटेड की ओर से आया है। कंपनी 4200 करोड़ रुपये की लागत से छत्तीसगढ़ में भारत का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करेगी। इस प्रोजेक्ट से करीब 250 रोजगार मिलने की संभावना है।
सीमेंट और अन्य क्षेत्रों में भी बड़ा निवेश
फीग्रेड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने सीमेंट सेक्टर में लगभग 2912 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। इससे करीब 4000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, सरकार का मानना है कि इन निवेश प्रस्तावों से राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में शामिल हो सकता है।