CG News: रायपुर के पंडरी में बन रहा पीएम एकता मॉल, एक छत के नीचे मिलेगा पूरा भारत
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडरी इलाके में पीएम एकता मॉल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस मॉल को ‘मिनी इंडिया’ की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है, जहां देश के हर राज्य की पारंपरिक कला, हैंडीक्राफ्ट और लोकल उत्पाद एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे।
193 करोड़ की लागत से बन रहा प्रोजेक्ट
यह भव्य मॉल करीब 193 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। लगभग 4 एकड़ क्षेत्र में बन रहे इस प्रोजेक्ट में 6 फ्लोर शामिल हैं, साथ ही पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है।
हर फ्लोर पर मिलेगा अलग अनुभव
मॉल को इस तरह डिजाइन किया गया है कि हर मंजिल पर अलग अनुभव मिलेगा—
• ग्राउंड फ्लोर पर सीजनल कपड़े और गार्डनिंग प्रोडक्ट
• दूसरे फ्लोर पर राज्यों के हैंडीक्राफ्ट और सांस्कृतिक दुकानें
• तीसरे और चौथे फ्लोर पर फूड कोर्ट, गेम और एक्टिविटी जोन
• पांचवें और छठे फ्लोर पर 200 सीट वाले दो ऑडिटोरियम
ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट से तैयार हो रहा मॉल
यह मॉल आधुनिक ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट पर आधारित है। डिजाइन में प्राकृतिक रोशनी और वेंटिलेशन का विशेष ध्यान रखा गया है। बिल्डिंग के बीच का हिस्सा खुला रखा गया है ताकि हवा और रोशनी आसानी से आ सके।
इसके अलावा—
• टेरेस पर फूड कोर्ट और डेकोरेटिव जोन
• वेस्ट वाटर रिसाइक्लिंग सिस्टम
• पूरे परिसर में ग्रीन स्पेस
निर्माण कार्य की स्थिति और डेडलाइन
निर्माण कार्य दिसंबर 2025 में शुरू हुआ था। पहले इसे अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन अब काम की गति को देखते हुए नई डेडलाइन 31 दिसंबर 2026 कर दी गई है। वर्तमान में लगभग 30% निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, फिलहाल इंटीरियर, इलेक्ट्रिकल, प्लंबिंग, लिफ्ट और फिनिशिंग का काम बाकी है, पूरा प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद यह मॉल न सिर्फ शॉपिंग डेस्टिनेशन बनेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन को भी नई ऊंचाई देगा।