CG News: पैरोल पर छूटा हत्यारा 21 साल तक रहा फरार, तेलंगाना से गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
CG News: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में हत्या के एक मामले में दोषी आरोपी को पुलिस ने 21 साल बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद फरार हो गया था और तेलंगाना में नाम बदलकर रह रहा था। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया।
पैरोल पर आया, फिर नहीं लौटा
पुलिस के अनुसार कटेकल्याण थाना क्षेत्र के गाटम डोंगरीपारा निवासी सोढ़ी मासा (45) वर्ष 2001 के हत्या के मामले में दोषी था और केंद्रीय जेल जगदलपुर में सजा काट रहा था। वर्ष 2005 में उसे 14 दिनों की पैरोल मिली थी, लेकिन तय अवधि समाप्त होने के बाद वह वापस जेल नहीं लौटा और फरार हो गया।
नाम बदलकर तेलंगाना में छिपा था
फरारी के दौरान आरोपी तेलंगाना के कोत्तागुडेम क्षेत्र के कासनपल्ली गांव में रहने लगा। पुलिस से बचने के लिए उसने अपना नाम बदलकर लालाराम सोढ़ी रख लिया था और वर्षों तक वहीं गुमनाम जीवन जीता रहा।
बेटे से मिला सुराग
कटेकल्याण पुलिस को हाल ही में सूचना मिली कि आरोपी का बेटा हड़मा उर्फ सुरेश सोढ़ी गांव आया हुआ है। पूछताछ के दौरान पुलिस को आरोपी के तेलंगाना में रहने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा और एसडीओपी के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई।
तेलंगाना से दबोचा गया आरोपी
विशेष टीम ने तेलंगाना पहुंचकर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जगदलपुर लाया गया और प्रथम अपर सत्र न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर उसे दोबारा केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया।
21 साल बाद मिला इंसाफ
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि कानून से बचना आसान नहीं है और अपराधियों को देर-सवेर न्याय के कटघरे में आना ही पड़ता है।