CG News: जेल से छूटते ही निकाली दबंगई रैली, 9 आरोपी फिर पहुंचे सलाखों के पीछे
CG News: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में जमानत पर रिहा हुए 9 आरोपियों की दबंगई सामने आई है। जेल से बाहर आते ही आरोपियों ने कारों और बाइकों का काफिला निकालकर शहर में रैली की। इस दौरान स्टंटबाजी करते हुए रील बनाई गई और सड़क पर जमकर हुड़दंग मचाया गया।
कार की खिड़कियों से लटककर बनाई रील
वायरल वीडियो में कुछ आरोपी चलती कारों की खिड़कियों से बाहर लटकते नजर आए। आरोप है कि रैली के दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों के साथ बदसलूकी भी की गई। रैली के बाद कुछ युवकों ने आरोपियों का माला पहनाकर स्वागत किया और आतिशबाजी कर जश्न मनाया।
पहले भी दर्ज हैं कई गंभीर मामले
पुलिस के मुताबिक आदित्य साहू, सागर धीवर, मनीष धृतलहरे उर्फ सूर्या, वसीम अली, संतोष उर्फ छोटू मनहरे, सागर यादव, आशीष ध्रुव, हेमंत भाट और ओम ध्रुव के खिलाफ पहले से मारपीट, हुड़दंग, सार्वजनिक शांति भंग, आपराधिक साजिश और सामूहिक अपराध से जुड़े मामले दर्ज थे। इन मामलों में उन्हें जेल भेजा गया था।
जेल से छूटते ही निकाला काफिला
5 जून की रात करीब 10 बजे सभी आरोपी जेल से रिहा होने के बाद कल्याण सागर वार्ड स्थित तालाब पार रोड पर एकत्र हुए। इसके बाद कार और बाइक रैली निकालकर इलाके में शक्ति प्रदर्शन किया। आरोपियों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट कर दिया।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत मामला दर्ज किया है।
एसपी बोले- जमानत का मतलब छूट नहीं
बलौदाबाजार एसपी ओपी शर्मा ने कहा कि जमानत का अर्थ कानून हाथ में लेने या गुंडागर्दी करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खौफ फैलाने वाली रैलियां निकालने और सोशल मीडिया पर दबंगई का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, दबंगई दिखाने के लिए बनाई गई इंस्टाग्राम रील ही आरोपियों के लिए परेशानी का कारण बन गई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को दोबारा जेल पहुंचा दिया।