CG News: सूरजपुर के विश्रामपुर थाना के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन खत्म, दीपक बैज और टीएस सिंहदेव ने तोड़ा अनशन
CG News: सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना के बाहर कांग्रेस नेताओं द्वारा किया जा रहा धरना प्रदर्शन आखिरकार समाप्त हो गया। पीसीसी चीफ दीपक बैज और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टी एस सिंहदेव ने एक-दूसरे को नारियल पानी पिलाकर अपना अनशन खत्म किया।
भूख हड़ताल और आमरण अनशन
कांग्रेस पिछले तीन दिनों से विश्रामपुर थाना के बाहर लगातार प्रदर्शन कर रही थी। दीपक बैज भूख हड़ताल पर बैठे थे, जबकि टीएस सिंहदेव आमरण अनशन कर रहे थे। बुधवार सुबह कांग्रेस नेताओं के बीच बातचीत के बाद प्रदर्शन समाप्त करने पर सहमति बनी।
नरेंद्र जैन मामले में पुलिस का आश्वासन
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने तक नरेंद्र जैन की गिरफ्तारी नहीं की जाएगी।
जांच अब DSP स्तर के अधिकारी करेंगे
पुलिस ने मामले के विवेचना अधिकारी को हटाने का भी फैसला लिया है। अब नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज एफआईआर की जांच डीएसपी रैंक के अधिकारी द्वारा की जाएगी। इसी आश्वासन के बाद कांग्रेस नेताओं ने अपना आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।
कांग्रेस ने रखी थीं कई मांगें
कांग्रेस नेताओं की मांग थी कि विश्रामपुर थाना प्रभारी पर कार्रवाई की जाए और नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज आर्म्स एक्ट का मामला वापस लिया जाए। हालांकि दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद बीच का रास्ता निकाला गया।
भूपेश बघेल ने दी थी चेतावनी
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी प्रदर्शन स्थल पहुंचे थे। उन्होंने मंच से पुलिस अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि भविष्य में कांग्रेस सरकार बनने पर ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाएगी, प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कई पूर्व मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे। अनशन समाप्त होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताया।