CG News: छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों की फीस बढ़ी, नए सत्र से लागू होंगे नए शुल्क
CG News: छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए फीस बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने परीक्षा सामग्री, खेल सामग्री और विज्ञान प्रयोगशाला जैसी सुविधाओं की बढ़ती लागत को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
नए शैक्षणिक सत्र से लागू होगा आदेश
लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को सरकार ने मंजूरी दे दी है। अब यह बढ़ी हुई फीस नए शैक्षणिक सत्र से लागू होगी, जिससे छात्रों और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
अलग-अलग मदों में बढ़े शुल्क
नई व्यवस्था के तहत कई शुल्कों में बढ़ोतरी की गई है। एक्टिविटी फीस 50 से 65 रुपये, साइंस क्लब फीस 20 से 25 रुपये, खेलकूद फीस 50 से 65 रुपये और साइंस प्रैक्टिकल फीस 50 से 65 रुपये कर दी गई है। वहीं हायर सेकंडरी एक्टिविटी फीस 50 से बढ़ाकर 75 रुपये कर दी गई है।
कुछ फीस में मामूली बदलाव
गरीब छात्र सहायता कोष 10 से बढ़कर 15 रुपये किया गया है और स्काउट-गाइड फंड 50 से बढ़ाकर 60 रुपये कर दिया गया है। रेडक्रॉस फीस में कोई बदलाव नहीं किया गया है, यह 30 रुपये ही रहेगी।
लाखों छात्रों पर पड़ेगा असर
राज्य में लगभग 56 हजार स्कूलों में करीब 56 लाख विद्यार्थी पढ़ते हैं, जिनमें से 44 लाख से अधिक छात्र सरकारी स्कूलों में हैं। इस फैसले का सीधा असर लाखों छात्रों और उनके परिवारों पर पड़ेगा।
बढ़ती लागत का दिया गया तर्क
शिक्षा विभाग के अनुसार स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियों और जरूरी संसाधनों की लागत बढ़ने के कारण यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, अभिभावकों का कहना है कि इससे उनकी आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त दबाव बढ़ेगा।