CG News: छत्तीसगढ़ में जल्द शुरू होगी CM हेल्पलाइन, 24 घंटे दर्ज होंगी शिकायतें
CG News: छत्तीसगढ़ में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर शुरू किया जाएगा। इस हेल्पलाइन के जरिए राज्य का कोई भी नागरिक 24 घंटे अपनी शिकायत या समस्या दर्ज करा सकेगा।
24×7 मिलेगी शिकायत दर्ज करने की सुविधा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जानकारी देते हुए बताया कि यह हेल्पलाइन पूरी तरह सक्रिय रहेगी, जहां लोग किसी भी समय अपनी परेशानी दर्ज कर सकेंगे। इससे प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा।
समय सीमा में करना होगा समाधान
सरकार ने साफ किया है कि हेल्पलाइन पर दर्ज हर शिकायत के समाधान के लिए एक तय समय सीमा निर्धारित की जाएगी। यदि निर्धारित समय में समस्या का निराकरण नहीं किया गया, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
महिला आरक्षण पर भी दिया बयान
मुख्यमंत्री ने विधानसभा के विशेष सत्र का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को आरक्षण देने के प्रयासों का विरोध किया गया, जिसे लेकर सत्र बुलाया गया है।
पश्चिम बंगाल को लेकर भी बोले CM
पश्चिम बंगाल के राजनीतिक हालात पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां के लोगों में बदलाव की इच्छा दिखाई दे रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में नई सरकार बनने की संभावना है।