CG News: बालोद में फर्जी SDM अनुमति पत्र से बोर खनन, खुलासा होते ही FIR के आदेश
CG News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने SDM के नाम का फर्जी अनुमति पत्र तैयार कर बोर खनन करवा लिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब अन्य लोगों को अनुमति नहीं मिली और उन्होंने जांच कराई।
गुंडरदेही क्षेत्र का मामला
पूरा मामला गुंडरदेही ब्लॉक के अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़ेला का है। यहां के निवासी जनक लाल साहू ने प्रतिबंध के बावजूद अपने घर पर बोर खनन करवा लिया, पड़ोसी गांव निकुम के चंद्रकांत साहू ने जब बोरवेल संचालक से अनुमति पत्र मांगा, तो उसे SDM के नाम का पत्र दिखाया गया। शक होने पर उन्होंने इसकी शिकायत अधिकारियों से की। जांच में पता चला कि यह पत्र पूरी तरह फर्जी है।
SDM भी देखकर रह गईं हैरान
जब यह फर्जी पत्र गुंडरदेही SDM प्रतिमा ठाकरे के पास पहुंचा तो वे भी हैरान रह गईं। शुरुआती जांच में पत्र पर लगी सील और हस्ताक्षर दोनों नकली पाए गए, SDM ने मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर और पुलिस को सूचना दी है और FIR दर्ज करने के आदेश जारी कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करना गंभीर अपराध है।
जांच के बाद होगी गिरफ्तारी
अर्जुन्दा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साक्ष्य जुटाने, मौके का निरीक्षण और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज होते ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।