CG News: दुर्ग-भिलाई में ट्रैफिक नियम तोड़ने पर 24 पुलिसकर्मियों के कटे चालान
CG News: दुर्ग-भिलाई जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक सख्त कदम उठाते हुए 24 पुलिसकर्मियों पर चालानी कार्रवाई की है। ये सभी बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते पाए गए।
खुद नियम तोड़ते मिले जवान
जांच अभियान के दौरान सामने आया कि कुछ पुलिसकर्मी ही ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। इसे गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस ने बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की, सभी दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान काटा गया और उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी गई।
“कानून सबके लिए बराबर”
इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून सभी के लिए समान है—चाहे आम नागरिक हो या पुलिसकर्मी, शहर में इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के जरिए निगरानी को और मजबूत किया गया है। कैमरों के माध्यम से नियम तोड़ने वालों पर नजर रखी जा रही है और ई-चालान जारी किए जा रहे हैं।
पुलिसकर्मियों को निर्देश
दुर्ग पुलिस ने अपने सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और समाज के लिए उदाहरण बनें, हेलमेट न केवल कानूनी रूप से अनिवार्य है, बल्कि यह सड़क दुर्घटना के दौरान सिर को गंभीर चोट से बचाने में भी मदद करता है।