CG News: छत्तीसगढ़ बन सकता है नया क्रिकेट हब, RCB ने CM विष्णुदेव साय को दिया IPL मैचों का प्रस्ताव
CG News: छत्तीसगढ़ में आईपीएल मैचों के आयोजन की संभावनाएं अब और मजबूत होती नजर आ रही हैं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को औपचारिक रूप से रायपुर में आईपीएल मुकाबले आयोजित करने का आमंत्रण दिया है, यह कदम राज्य के लिए क्रिकेट के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
CM साय को RCB की आधिकारिक जर्सी भेंट
इस विशेष मुलाकात के दौरान RCB की ओर से मुख्यमंत्री को टीम की आधिकारिक जर्सी भेंट की गई, इसे रायपुर में आईपीएल आयोजन को लेकर एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है.

BCCI और RCB के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में RCB के वाइस प्रेसिडेंट राजेश मेनन और बीसीसीआई के संयुक्त सचिव प्रभतेज सिंह भाटिया भी शामिल हुए, चर्चा के दौरान रायपुर में आईपीएल मैचों की संभावनाओं, आवश्यक व्यवस्थाओं और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.
खेल अधोसंरचना को मिलेगा बढ़ावा: CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि, बड़े खेल आयोजनों से न केवल युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी, बल्कि छत्तीसगढ़ की खेल अधोसंरचना को भी नई मजबूती मिलेगी, उन्होंने आश्वासन दिया कि, राज्य सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी.
राष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर उभरेगा छत्तीसगढ़
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि, यदि रायपुर में आईपीएल मुकाबले आयोजित होते हैं, तो इससे छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी और राजधानी रायपुर एक उभरते हुए स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित हो सकती है.