CG News: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी और आवास योजनाओं पर आज होगी बड़ी बैठक
CG News: छत्तीसगढ़ में आज सीएम विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल बैठक होगी, जिसमें धान खरीदी और विधानसभा शीतकालीन सत्र से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होगी। पिछली बैठक में दलहन-तिलहन उपार्जन, विभागीय पुनर्गठन, धान खरीदी के लिए वित्तीय व्यवस्था और अवास योजनाओं के नियमों में बदलाव जैसे अहम निर्णय हुए थे।
छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल की अहम बैठक आज
छत्तीसगढ़ में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे मंत्रालय स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में धान खरीदी व्यवस्था, विधानसभा शीतकालीन सत्र समेत कई प्रमुख प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है।
धान खरीदी और वित्तीय प्रावधान
राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लगातार बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए स्वीकृत 15 हजार करोड़ रुपये की शासकीय प्रत्याभूति को आगामी वर्ष 2025-26 के लिए पुनर्वेधीकरण करने पर विचार होगा। साथ ही विपणन संघ को अतिरिक्त 11,200 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी दी जाएगी।
किसानों व सुशासन से जुड़े फैसले
पिछली 14 नवंबर को हुई कैबिनेट बैठक में पीएम आशा (PSS) योजना के तहत दलहन-तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीदी जारी रखने का निर्णय लिया गया था। इसके अलावा शासकीय कार्य में सुशासन को बढ़ावा देने के लिए विभागीय पुनर्गठन भी स्वीकृत किया गया था।
आवास योजनाओं व खेल को बढ़ावा
राज्य प्रवर्तित आवास योजनाओं के तहत ईडब्ल्यूएस और एलआईजी वर्ग के अविक्रित मकानों को 3 बार विज्ञापन के बाद अन्य आय वर्गों को बेचने की अनुमति दी गई है। वहीं, नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम को दीर्घकालीन संचालन और विकास के लिए छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ को लीज पर देने का निर्णय राज्य में खेल सुविधाओं को मजबूती देगा।