CG News: नया विधानसभा भवन तैयार, पीएम मोदी करेंगे लोकार्पण
CG News: छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में नया विधानसभा भवन बनकर तैयार हो गया है, उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर में निर्माणाधीन विधानसभा के अंतिम दौर के कार्यों का निरीक्षण किया, उन्होंने विधानसभा भवन के लोकार्पण की तैयारियों का भी जायजा लिया, नए विधानसभा का लोकार्पण आगामी 1 नवंबर को राज्योत्सव के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों किया जाएगा.
विधानसभा भवन का निरीक्षण
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नवनिर्मित विधानसभा का भ्रमण कर अंतिम चरण के कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों की आवश्यक दिशा- निर्देश भी दिए, उन्होंने यहाँ स्थापित किए गए एअर कंडीशनिंग चीलर प्लांट का भी अवलोकन किया, निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री साव के साथ लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉक्टर कमलप्रीत सिंह और प्रमुख अभियंता वी.के.भतपहरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.
आधुनिक व सर्वसुविधायुक्त इस विधानसभा भवन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परम्परा की झलक दिखाई देगी, विधानसभा भवन की सीलिंग में धान की बालियाँ उकेरी गईं हैं और सदन के भीतर फर्नीचर बस्तर शिल्पियों के द्वारा बनाए गए हैं.
राज्योत्सव की तैयारियों का निरीक्षण
उपमुख्यमंत्री साव ने नव निर्माणाधीन विधानसभा परिसर का निरीक्षण करने के बाद नवा रायपुर स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर पहुंचकर रजत जयंती समारोह का भी जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.