CG News : मैनपाट में भाजपा का प्रशिक्षण शिविर आज से शुरू, सीएम समेत शीर्ष नेता पहुँचे
CG News : छत्तीसगढ़ के मैनपाट में आज से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों और विधायकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हो रहा है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित कई शीर्ष नेता अंबिकापुर पहुंच चुके हैं। स्टेशन पर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
सीएम और वरिष्ठ नेता पहुंचे ट्रेन से
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुबह ट्रेन से अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, और विधायक सुनील सोनी भी पहुंचे। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सभी नेताओं का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
तीन दिन चलेगा प्रशिक्षण शिविर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर 7 जुलाई से 9 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा,
“यह शिविर सांसदों और विधायकों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के विकास के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।”
कार्यकर्ताओं को भी मिलेगा प्रशिक्षण
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पहले जनप्रतिनिधि प्रशिक्षण लेंगे और उसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैनपाट को “छत्तीसगढ़ का शिमला” कहा जाता है, और इस आयोजन से क्षेत्र की पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी
जानकारी के अनुसार, इस प्रशिक्षण शिविर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी विशेष रूप से शामिल होंगे। वे दिल्ली से सीधे छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे और प्रशिक्षण सत्रों को संबोधित करेंगे।