CG News : तीन छात्र 72 घंटे से लापता, दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र का मामला
दुर्ग, छत्तीसगढ़। शहर के सुपेला थाना क्षेत्र से तीन छात्र पिछले 72 घंटों से लापता हैं। बच्चों ने बिना किसी को बताए घर छोड़ा और अब तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिजन बेहद परेशान हैं और थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जानिए पूरा मामला
मामला सुपेला थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर मिनीमाता चौक का है। पुलिस के अनुसार, 16 जून की शाम करीब 4:30 बजे, एक 16 वर्षीय छात्र, उसका 15 वर्षीय पड़ोसी, और एक कक्षा 7वीं में पढ़ने वाला छात्र अचानक लापता हो गए। तीनों छात्र घर से बिना किसी को कुछ बताए निकले थे।
बच्चों के पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण पुलिस को उनकी तलाश में कोई खास क्लू नहीं मिल सका है। थाना प्रभारी विजय यादव ने बताया कि परिजनों से जानकारी लेकर इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, लेकिन अब तक कुछ ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी है।
3 दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
परिजनों ने बच्चों की खोज में अपने रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया, लेकिन कहीं से कोई सुराग नहीं मिला। थक-हारकर उन्होंने सुपेला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद से पुलिस ने जांच और तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
फिलहाल पुलिस हर संभावित जगह पर तलाश कर रही है, लेकिन तीनों छात्र कहां गए, यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि अगर किसी को इन छात्रों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल सुपेला थाना से संपर्क करें।