CG News : लोरमी में ड्यूटी के दौरान नशे में धुत आरक्षक का वीडियो वायरल, तत्काल निलंबित
CG News : लोरमी थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में लड़खड़ाते नजर आए एक आरक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामला सामने आते ही मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरक्षक रोशन कुमार पहाड़ी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए।
वीडियो वायरल और जनता की नाराजगी
वायरल वीडियो में आरक्षक रोशन पहाड़ी को एक शराब भट्टी के पास नशे की हालत में लड़खड़ाते और ज़मीन पर गिरते हुए देखा गया। वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है, जो शनिवार को सोशल मीडिया पर सामने आया और तेज़ी से वायरल हो गया।
स्थानीय लोगों ने जब आरक्षक को इस हालत में देखा, तो किसी ने उसे सहारा देकर वहां से हटाया, वहीं कुछ लोगों ने इस पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
पुलिस अधीक्षक की सख्त चेतावनी
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने इस मामले पर कहा,“ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और नशा बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी हरकत पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने आगे कहा कि वे लगातार थाना और चौकियों का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान नशा न करने की हिदायत दे रहे थे, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटना होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
कठोर कार्रवाई और प्रोत्साहन की नीति
एसपी पटेल ने यह भी स्पष्ट किया कि: “जो पुलिसकर्मी ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं जो पुलिसकर्मी उत्कृष्ट कार्य करेंगे, उन्हें विभाग की ओर से सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाएगा।”