CG News : शेयर ट्रेडिंग के बहाने 11 लाख की ठगी, मुख्य सरगना समेत तीन आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
CG News : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस पहले ही इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब एक बार फिर साइबर रेंज थाना रायपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली में छापेमारी कर मुख्य सरगना समेत तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि ठगी की रकम को फॉरेक्स ट्रेडिंग के जरिए चीन और थाईलैंड भेजा गया था।
डॉक्टर से 11 लाख की ठगी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर प्रकाश गुप्ता ने वर्ष 2024 में आमानाका थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर अज्ञात ठगों ने उनसे लगभग 11 लाख रुपए की ठगी की।
शुरुआती जांच में पुलिस ने पवन सिंह, गगनदीप शर्मा, राजवीर सिंह और संदीप रात्रा — चार आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि वे फॉरेक्स ट्रेडिंग के माध्यम से ठगी की रकम को विदेशों में भेजते थे।
विदेशों तक फैला था ठगी का नेटवर्क
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने ठगी से अर्जित रकम को फॉरेक्स प्लेटफॉर्म्स के जरिए मुख्य रूप से चीन और थाईलैंड भेजा था। इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और आखिरकार दिल्ली में फिर से रेड कर तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
• हिमांशु तनेजा, पिता अजय तनेजा (29 वर्ष), निवासी शालीमार बाग, वेस्ट दिल्ली
• गणेश कुमार, पिता लाल बाबू शाह (37 वर्ष), निवासी जनकपुरी, वेस्ट दिल्ली, वर्तमान पता डाबरी एक्सटेंशन, ईस्ट दिल्ली
• अंकुश, पिता रमेश चंद (26 वर्ष), निवासी डेयरी वसंत कुंज, मसूदपुर, साउथ वेस्ट दिल्ली
इन तीनों आरोपियों को पकड़ने के बाद पुलिस ने अब उनकी संपत्ति अटैच करने की तैयारी शुरू कर दी है।
संपत्ति अटैचमेंट की प्रक्रिया शुरू
साइबर रेंज थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस अब इन आरोपियों की अचल संपत्तियों को अटैच करने के लिए संबंधित विभागों से प्रक्रिया पूरी कर रही है। ठगी से जुड़े अन्य लोगों और पैसों के लेन-देन की भी जांच जारी है।
ठगी से बचाव के लिए पुलिस की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अज्ञात कॉल्स, मैसेज या सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाले शेयर ट्रेडिंग के प्रस्तावों से सतर्क रहें। किसी भी प्रकार का निवेश करने से पहले जांच-परख जरूर करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दें।