Chhattisgarh News : रायगढ़ में परीक्षा फर्जीवाड़ा,जीजा की जगह साला देने पहुंचा 10वीं ओपन स्कूल का पेपर
Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में परीक्षा फर्जीवाड़े का अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवक अपने जीजा की जगह 10वीं ओपन स्कूल की परीक्षा देने पहुंचा, लेकिन पर्यवेक्षक की सतर्कता के चलते परीक्षा केंद्र में ही पकड़ा गया। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसका जीजा वन विभाग में प्यून के पद पर कार्यरत है और छुट्टी न मिलने के कारण वह परीक्षा देने आया था।
कैसे पकड़ा गया फर्जी परीक्षार्थी?
यह घटना पुसौर थाना क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुसौर की है, जहां 1 अप्रैल को सुबह 9 बजे से 12 बजे तक विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा शुरू होने से पहले पर्यवेक्षक एडमिट कार्ड की जांच कर रहे थे, तभी एक परीक्षार्थी पर संदेह हुआ। प्रवेश पत्र में लगी तस्वीर और परीक्षा देने आए युवक का चेहरा अलग दिखने पर सुपरवाइजर ने परीक्षा केंद्र अध्यक्ष कामता नाथ तिवारी को इसकी सूचना दी।
जब गहन जांच की गई, तो स्पष्ट हो गया कि परीक्षा देने वाला युवक असली परीक्षार्थी नहीं है। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुसौर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू की।
फरार असली परीक्षार्थी को भी पुलिस ने दबोचा
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान अमन सारथी (18 वर्ष) के रूप में बताई और बताया कि वह सराईपाली, कोतरा रोड थाना क्षेत्र का निवासी है। उसने स्वीकार किया कि वह अपने जीजा यादराम सारथी (27 वर्ष), जो धरमजयगढ़ वन मंडल में दैनिक वेतनभोगी प्यून के रूप में कार्यरत हैं, की जगह परीक्षा देने आया था।
इसके बाद पुलिस ने असली परीक्षार्थी यादराम सारथी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि वह रायगढ़ में फरार है। बुधवार को पुलिस ने धरमजयगढ़ में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
कानूनी कार्रवाई और सबूत जब्त
इस परीक्षा फर्जीवाड़े में पुलिस ने जीजा-साले के खिलाफ धारा 318(4), 319(2), 61(2), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया। साथ ही छत्तीसगढ़ मान्यता प्राप्त परीक्षा अधिनियम 1937 की धारा 04 भी जोड़ी गई। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ASP आकाश मरकाम ने बताया कि इस मामले में शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश पत्र, परीक्षा का टाइम टेबल, परीक्षार्थियों की उपस्थिति पत्रक, आरोपी की उत्तर पुस्तिका और परीक्षा केंद्र में ली गई मोबाइल तस्वीरें जब्त कर ली गई हैं।