CG News: सुकमा में 1.64 करोड़ का गांजा जब्त, नमक की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे
CG News: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 308 किलो 280 ग्राम गांजा बरामद किया है. तस्कर गांजे को पिकअप वाहन में नमक की बोरियों के नीचे छिपाकर ओडिशा से राजस्थान ले जा रहे थे. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 54 लाख 14 हजार रुपए बताई गई है. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान राजस्थान के दो युवकों को गिरफ्तार किया है.
मुखबिर की सूचना पर हुई नाकेबंदी
पुलिस के मुताबिक, 18 अगस्त को सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक RJ-27-GE-6757 में मलकानगिरी से गांजा लाकर मोटू पुल के रास्ते कोंटा होते हुए राजस्थान ले जाया जा रहा है. इसके बाद कोंटा पुलिस ने कोंटा-मोटू मुख्य मार्ग पर कृष्ण मंदिर चौक के पास नाकेबंदी की. सुबह करीब 6:10 बजे संदिग्ध पिकअप को रोककर उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में लिया गया.
तलाशी में बरामद हुए गांजे के पैकेट
पिकअप की तलाशी लेने पर पुलिस को ऊपर नमक की बोरियां रखी मिलीं. जब इन बोरियों को हटाकर जांच की गई तो नीचे गांजे के पैकेट छिपाकर रखे हुए मिले. वजन करने पर कुल 308 किलो 280 ग्राम गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से शिव कुमार प्रजापति और उदय राम बलई को गिरफ्तार किया, दोनों राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के रहने वाले बताए गए हैं.
1.64 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त
पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन और अन्य सामान भी जब्त किया है. जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1 करोड़ 64 लाख 49 हजार 550 रुपए आंकी गई है. बरामद गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 54 लाख 14 हजार रुपए बताई गई है. कोंटा थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब इस मामले की आगे की कड़ियों की जांच कर रही है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा मलकानगिरी से कहां से लाया गया था और राजस्थान में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी. पुलिस तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है. आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 18 ट्रेनें कैंसिल, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी