बिलासपुर हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल के बाद सुरक्षा कड़ी
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। ई-मेल में न्यायालय परिसर को निशाना बनाने का उल्लेख किया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
एसएसपी पहुंचे, परिसर की घेराबंदी
घटना की जानकारी मिलते ही रजनेश सिंह (एसएसपी) टीम के साथ मौके पर पहुंचे। न्यायालय परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर सख्ती बढ़ाई गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी तैनात हैं।
साइबर टीम कर रही जांच
पुलिस और साइबर विशेषज्ञ ई-मेल के स्रोत की जांच में जुटे हैं। सर्वर, आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और एहतियातन कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
पिछले महीनों में राज्य के कई जिला न्यायालयों को भी इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए थे। एक माह पहले सरगुजा, राजनांदगांव, धमतरी और जगदलपुर के जिला न्यायालयों को धमकी दी गई थी। उससे पहले राजनांदगांव और बिलासपुर जिला अदालत को भी आरडीएक्स से उड़ाने की चेतावनी भेजी गई थी।
इन मामलों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया था, हालांकि जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने तक न्यायालय परिसर में अतिरिक्त सतर्कता बनाए रखी जाएगी।