CG News : कवर्धा में सड़क हादसा: पांच की दर्दनाक मौत, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया शोक
CG News : कवर्धा जिले के आगरपानी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
CM साय ने जताया शोक, दिए त्वरित मदद के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। साथ ही, उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि घायलों को समुचित इलाज और सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल मुहैया कराई जाएं।
मध्यप्रदेश से आ रही थी बोर वाहन, खाई में जा गिरी
मिली जानकारी के अनुसार, एक बोर वाहन मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही थी। जब यह वाहन कवर्धा जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के आगरपानी-चाटा के पास पहुंची, तब वह अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई।
घटनास्थल पर पांच शव बरामद, चार घायल अस्पताल में भर्ती
रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल से अब तक पांच लोगों के शव बरामद किए हैं, जबकि चार घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
जांच जारी, हादसे की वजह पता लगाने में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस हादसे की वजह जानने में जुटी है। प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होने को कारण माना जा रहा है। हादसा कितना गंभीर था, इसका अंदाजा खाई की गहराई और वाहन की स्थिति से लगाया जा सकता है।