GGU में होली सेलिब्रेशन के दौरान मारपीट, छात्रों के दो गुटों में झड़प का VIDEO वायरल
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGU) में होली सेलिब्रेशन के दौरान छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। रंगोत्सव कार्यक्रम के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला कोनी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। हालांकि अब तक किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
DJ और रंग-गुलाल के बीच बिगड़ा माहौल
जानकारी के अनुसार, यूनिवर्सिटी परिसर के बाहर होली से पहले रंगोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। डीजे की धुन पर रंग-गुलाल उड़ाते हुए जश्न मनाया जा रहा था। इसी दौरान कुछ छात्रों के स्टेज पर चढ़कर डांस करने को लेकर विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ छात्र जबरन स्टेज पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, जिसका अन्य छात्रों ने विरोध किया। देखते ही देखते दोनों गुट आमने-सामने आ गए।
धक्का-मुक्की से शुरू होकर मारपीट तक पहुंचा मामला
शुरुआत में धक्का-मुक्की हुई, लेकिन विवाद तेजी से बढ़ा और छात्रों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाने शुरू कर दिए। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अन्य छात्र भी बीच-बचाव में सफल नहीं हो सके।
स्थिति बिगड़ती देख आयोजकों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। कुछ देर बाद कार्यक्रम दोबारा सामान्य किया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है। वीडियो में रंगोत्सव के बीच छात्रों को एक-दूसरे को धक्का देते और मारपीट करते देखा जा सकता है। अब तक इस मामले में न तो कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज हुई है और न ही पुलिस की ओर से कार्रवाई की पुष्टि हुई है।
आयोजक का बयान
कार्यक्रम से जुड़े छात्र संगठन के पदाधिकारी ने बताया कि लॉ विभाग के कुछ छात्रों के बीच मामूली विवाद हुआ था, जिसे समझाइश देकर सुलझा लिया गया। उनके मुताबिक मामला ज्यादा गंभीर नहीं था।