प्राचार्य हटाने की मांग पर छात्रों का उग्र प्रदर्शन: 400 विद्यार्थियों ने कलेक्ट्रेट का किया घेराव, बहाली आदेश रद्द

प्राचार्य हटाने की मांग पर छात्रों का उग्र प्रदर्शन: 400 विद्यार्थियों ने कलेक्ट्रेट का किया घेराव, बहाली आदेश रद्द

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सोमवार को पीएम श्री स्कूल के सैकड़ों छात्र सड़कों पर उतर आए। करीब 400 विद्यार्थियों ने निलंबित प्राचार्य की दोबारा नियुक्ति का विरोध करते हुए कलेक्ट्रेट का घेराव किया। हाथों में “प्राचार्य हटाओ” लिखी तख्तियां लेकर छात्र मुख्य गेट के सामने बैठ गए और लगातार नारेबाजी करते रहे।

छात्रों का गुस्सा उस वक्त फूटा, जब निलंबित प्राचार्य वंदना पाण्डेय को उसी स्कूल में फिर से पदस्थ कर दिया गया, जहां से उन्हें पहले हटाया गया था। स्कूल शिक्षा विभाग के इस फैसले से छात्र और अभिभावक दोनों नाराज़ बताए जा रहे हैं।

पदस्थापना आदेश वापस, रील बनाने वाले शिक्षकों को नोटिस

मामले के तूल पकड़ने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने 29 जनवरी को जारी बहाली आदेश को निरस्त कर दिया है। वहीं, स्कूल परिसर में रील बनाने वाले शिक्षकों को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

एडीएम को सौंपा ज्ञापन, लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) पंकज डाहरे मौके पर पहुंचे। छात्रों ने उन्हें हस्तलिखित ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में प्राचार्य पर मानसिक प्रताड़ना, प्रवेश प्रक्रिया में अधिक शुल्क वसूली, प्रैक्टिकल में अंक काटकर दबाव बनाने, अनावश्यक बैठकों से पढ़ाई बाधित करने और छात्रों से साफ-सफाई कराने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

जांच का भरोसा, दो-तीन दिन में फैसला

एडीएम पंकज डाहरे ने छात्रों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कर दो से तीन दिनों के भीतर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जिला शिक्षा अधिकारी ने पहले ही जिला प्रशासन को स्थिति से अवगत कराया होता, तो मामला यहां तक नहीं पहुंचता।

पहले निलंबन, फिर विवादित बहाली

प्राचार्य वंदना पाण्डेय को 17 अक्टूबर 2025 को निलंबित किया गया था। निलंबन का आधार 31 जनवरी 2025 को शिक्षा सचिव के औचक निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताएं थीं। बताया जा रहा है कि जांच में देरी के कारण कार्रवाई होने में लगभग 10 महीने लग गए।

हालांकि निलंबन के करीब पांच महीने बाद ही 29 जनवरी को प्रशासनिक आवश्यकता का हवाला देते हुए उन्हें दोबारा बहाल कर दिया गया, जिससे विवाद खड़ा हो गया।

स्कूल का माहौल बिगड़ने का आरोप

छात्रों और स्टाफ का आरोप है कि बहाली के बाद प्राचार्य का व्यवहार बदला हुआ था, जिससे स्कूल का वातावरण तनावपूर्ण हो गया। शिक्षण कार्य प्रभावित होने लगा और छात्रों में असंतोष बढ़ता गया।

पहले स्टाफ ने दी थी शिकायत

जानकारी के अनुसार, 5 फरवरी को स्कूल के 28 स्टाफ सदस्यों ने जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत दी थी और प्राचार्य को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की थी। लेकिन कई दिनों तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद छात्रों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।

वायरल वीडियो से भी बढ़ा विवाद

पीएम श्री स्कूल हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को लेकर भी सुर्खियों में रहा। इन वीडियो में कुछ शिक्षक रील बनाते नजर आए थे। शिक्षकों का कहना है कि वीडियो स्कूल कार्यक्रम के समापन के बाद बनाए गए थे, लेकिन इन्हें जानबूझकर गलत तरीके से वायरल किया गया। इस मामले में भी जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है।

यह भी पढ़ें : सड़क पर हंगामा: महिला ने ऑटो चालक को जमकर पीटा, VIDEO वायरल; बच्चियों से बदसलूकी का आरोप

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Circuit not found — Panel21
404 · OPEN CIRCUIT

Nothing wired to this address.

The page you asked for isn't on the panel. Head back to the main bus.

Return home