CG Weather: छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिन बढ़ेगी गर्मी, आज कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान
CG Weather: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि, रविवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है. राजधानी रायपुर में भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.

मनोरा में सबसे ज्यादा 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि एक-दो जगहों पर भारी बारिश भी रिकॉर्ड की गई. इस दौरान जशपुर जिले के मनोरा में सबसे ज्यादा 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. वहीं, कुनकुरी और बलरामपुर जिले के कुसमी में 50 मिलीमीटर बारिश हुई, मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया. वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड हुआ. मौसम में बदलाव के बीच प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में तापमान का उतार-चढ़ाव जारी है.
बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवाती सिस्टम
दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र 31 अक्टूबर को अवदाब में बदल गया है. मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम श्री विजयपुरम से करीब 330 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में स्थित है. इसके अगले 12 घंटे में गहरे अवदाब और इसके बाद चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है, मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा. अनुमान है कि 2 नवंबर की शाम तक यह आंध्र प्रदेश तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है. इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से आसपास के क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.
रायपुर में बादल और गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 1 नवंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहने का अनुमान है. यहां गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शहर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, शनिवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था. वहीं, न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा रहा. अब मौसम विभाग की नजर बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे सिस्टम और प्रदेश में उसके संभावित प्रभाव पर बनी हुई है.
One thought on “CG Weather: छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिन बढ़ेगी गर्मी, आज कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान”