CG Weather: छत्तीसगढ़ में ठंड का असर तेज, 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री से नीचे, अगले दो दिन मौसम रहेगा शुष्क
CG Weather: छत्तीसगढ़ में अब ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. प्रदेश के कई जिलों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. सरगुजा में सबसे कम 11.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि बलरामपुर-रामानुजगंज में 13.4 और बालोद में 13.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा.

कई जिलों में सामान्य से नीचे पहुंचा पारा
प्रदेश के अन्य जिलों में भी रात के तापमान में गिरावट देखी गई है. बेमेतरा में न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री, कबीरधाम में 15 डिग्री, बस्तर और दुर्ग में 15.2 डिग्री दर्ज किया गया. मुंगेली और सूरजपुर में पारा 15.5 डिग्री, जबकि कोरबा में 15.9 डिग्री सेल्सियस रहा. अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री और दुर्ग में 2.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया.
रायपुर में 18 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान
राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. दोनों ही तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक रहे. मौसम विभाग के अनुसार, आज रायपुर में आसमान साफ रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

अंबिकापुर में सबसे ठंडी रात
प्रदेश के प्रमुख शहरों में अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. यहां पारा 11.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है. वहीं माना एयरपोर्ट पर न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री और बिलासपुर में 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. तापमान में गिरावट के साथ ही प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर अधिक महसूस होने लगा है.
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो रहा सिस्टम
इधर दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है. इससे जुड़ा चक्रवाती सिस्टम समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में इसके उसी क्षेत्र में अवदाब में बदलने की संभावना है. इसके बाद 16 नवंबर की शाम तक दक्षिण और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने का अनुमान है, बंगाल की खाड़ी में बन रहे इस सिस्टम का छत्तीसगढ़ के मौसम पर फिलहाल कोई बड़ा असर पड़ने की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा. इस दौरान बारिश की संभावना कम है, जबकि रात के तापमान में गिरावट के चलते ठंड का प्रभाव धीरे-धीरे बढ़ सकता है.
One thought on “CG Weather: छत्तीसगढ़ में ठंड का असर तेज, 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री से नीचे, अगले दो दिन मौसम रहेगा शुष्क”