CG News: 16 नवंबर से छत्तीसगढ़ दौरे पर कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, कोयला खदान प्रभावित ग्रामीणों से करेंगे मुलाकात
CG News: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत 16 नवंबर से तीन दिवसीय प्रदेश दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. दौरे के दौरान उनका विशेष ध्यान सरगुजा संभाग के कोयला खनन परियोजनाओं से प्रभावित क्षेत्रों पर रहेगा. यहां वे ग्रामीणों और संबंधित पक्षों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों को सुनेंगे.
लोहरदगा से सड़क मार्ग के जरिए पहुंचेंगे छत्तीसगढ़
सुखदेव भगत 16 नवंबर को झारखंड के लोहरदगा से सड़क मार्ग के जरिए छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे. शंख नदी के पास प्रदेश की सीमा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा. इसके बाद वे जशपुर, बालाछापर, पतराटोली, कांसाबेल और पत्थलगांव में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. पहले दिन उनका रात्रि विश्राम मैनपाट में प्रस्तावित है.

साल्ही में कोयला खदान प्रभावित ग्रामीणों से करेंगे मुलाकात
दौरे के दूसरे दिन 17 नवंबर को सुखदेव भगत मैनपाट से उदयपुर पहुंचेंगे. यहां बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होने के बाद वे ग्राम साल्ही जाएंगे. इस दौरान PEKB, परसा, केते एक्सटेंशन और तारा कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों और संबंधित हितधारकों के साथ बैठक करेंगे. बैठक में कोयला खनन परियोजनाओं से जुड़े सवाल, ग्रामीणों की समस्याएं और प्रभावित इलाकों की मौजूदा स्थिति चर्चा के प्रमुख विषय रहेंगे.
प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र में भी लगाएंगे जन चौपाल
साल्ही में बैठक के बाद सुखदेव भगत प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांटारोली (मेंद्रा) पहुंचेंगे. यहां आयोजित बूथ स्तरीय जन चौपाल के माध्यम से स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और लोगों से संवाद करेंगे. इसके बाद शाम को अंबिकापुर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे. इस दौरान क्षेत्रीय मुद्दों और संगठन से जुड़ी गतिविधियों पर भी चर्चा प्रस्तावित है.
राजीव भवन में संगठनात्मक बैठक
तीसरे और अंतिम दिन 18 नवंबर को सुखदेव भगत अंबिकापुर स्थित राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक लेंगे. इसमें अंबिकापुर, लुंड्रा और सीतापुर विधानसभा क्षेत्रों के संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होगी. इसके बाद वे बलरामपुर जिले के राजपुर पहुंचेंगे, जहां रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तरीय जन चौपाल कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम पूरा होने के बाद वे शाम को झारखंड के लोहरदगा के लिए रवाना हो जाएंगे.
बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से लेंगे फीडबैक
सुखदेव भगत के इस दौरे में कांग्रेस संगठन की गतिविधियों के साथ स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा होगी. जन चौपाल के जरिए वे अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधे बातचीत करेंगे और संगठन से जुड़ा फीडबैक लेंगे. वहीं कोयला खदान प्रभावित ग्रामीणों के साथ प्रस्तावित बैठक में खनन परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों को समझने की कोशिश करेंगे. ऐसे में तीन दिनों के इस दौरे में संगठनात्मक संवाद और खनन प्रभावित क्षेत्रों की समस्याएं प्रमुख एजेंडे में रहेंगी.