CG News: बिलासपुर हाउसिंग बोर्ड ऑफिस में हंगामा, फाइल गायब होने पर युवक ने अधिकारी को दिए बादाम
CG News: बिलासपुर में सरकारी दफ्तर की लापरवाही के खिलाफ एक युवक का अनोखा विरोध देखने को मिला। फ्लैट नामांतरण की फाइल खो जाने से नाराज युवक बादाम लेकर हाउसिंग बोर्ड ऑफिस पहुंचा और अधिकारी की टेबल पर फेंकते हुए कहा—“इसे खाइए, याददाश्त बढ़ेगी।”

एक साल से लगा रहा था दफ्तर के चक्कर
तिफरा निवासी तरुण साहू ने बताया कि उसने EWS फ्लैट खरीदकर नाम ट्रांसफर के लिए सभी दस्तावेज जमा किए थे। लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, आमतौर पर 1-2 महीने में पूरा होने वाला नामांतरण 7 महीने बाद भी लंबित रहा। युवक का आरोप है कि वह 50 से ज्यादा बार ऑफिस गया, लेकिन हर बार “फाइल नहीं मिल रही” का जवाब मिला।
बादाम देकर जताया विरोध
17 अप्रैल को फिर वही जवाब मिलने पर युवक आधा किलो बादाम लेकर ऑफिस पहुंचा और अधिकारी की टेबल पर फेंकते हुए तंज कसा कि इसे खाकर याददाश्त बढ़ाएं, इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जहां कुछ लोग युवक के विरोध को जायज ठहरा रहे हैं, वहीं कुछ इसे अनुचित व्यवहार बता रहे हैं।
अधिकारी ने लगाया अभद्रता का आरोप
हाउसिंग बोर्ड की अधिकारी पूनम पांडेय ने युवक के खिलाफ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बिना अनुमति वीडियो बनाने का भी आरोप लगाया है।