CG News: तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलेगा 162 करोड़ रुपये से अधिक का बोनस, मुख्यमंत्री करेंगे राशि का डीबीटी से वितरण
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार आज प्रदेश के लाखों तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस की सौगात देने जा रही है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वर्ष 2023 के बोनस का वितरण डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी के माध्यम से करेंगे. इस योजना के तहत 7 लाख 14 हजार 446 संग्राहकों के बैंक खातों में सीधे राशि भेजी जाएगी.
162 करोड़ रुपये से अधिक की राशि होगी जारी
राज्य सरकार की ओर से कुल 162 करोड़ 32 लाख 19 हजार 864 रुपये बोनस के रूप में वितरित किए जाएंगे. यह राशि तेंदूपत्ता बिक्री से प्राप्त शुद्ध आय के 80 प्रतिशत हिस्से के रूप में पात्र संग्राहकों को दी जा रही है.
बस्तर संभाग को मिलेगा सबसे बड़ा लाभ
बस्तर संभाग के तेंदूपत्ता संग्राहकों को इस वितरण में सबसे अधिक हिस्सेदारी मिलेगी. संभाग की 125 समितियों से जुड़े 1 लाख 54 हजार से अधिक संग्राहकों के खातों में लगभग 45.87 करोड़ रुपये की राशि पहुंचेगी. इसके अलावा बीजापुर, कांकेर और अन्य जिलों के पात्र हितग्राहियों को भी बोनस का लाभ मिलेगा.
वनांचल के परिवारों को मिलेगी आर्थिक मजबूती
सरकार का मानना है कि बोनस राशि से वन क्षेत्रों में रहने वाले हजारों परिवारों को आर्थिक सहायता मिलेगी. इससे तेंदूपत्ता संग्रहण से जुड़े लोगों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण व वनांचल क्षेत्रों की आजीविका को भी मजबूती मिलेगी, बोनस का पूरा भुगतान डीबीटी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा. इससे राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचेगी और वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं तेज होगी.