CG News: सीतापुर की जर्जर सड़क का होगा कायाकल्प, 3.8 KM फोरलेन निर्माण को मंजूरी
CG News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर से सड़क को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. लंबे समय से खराब पड़ी सड़क के नए निर्माण को मंजूरी मिल गई है. करीब 3.8 किलोमीटर लंबे नेशनल हाईवे हिस्से को फोरलेन के रूप में विकसित किया जाएगा. सड़क निर्माण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब बारिश का दौर थमने का इंतजार है, जिसके बाद मौके पर काम शुरू होने की बात कही गई है.
बारिश के बाद शुरू होगा काम
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने सड़क निर्माण को लेकर जानकारी दी है कि नए प्रोजेक्ट के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. बारिश खत्म होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा. फिलहाल लोगों की आवाजाही को देखते हुए सड़क की अस्थायी मरम्मत कराई जा रही है. लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई थी.
Pawan Sai की कार गड्ढे में फंसने से मामला सुर्खियों में
सीतापुर की इसी बदहाल सड़क पर कुछ दिन पहले भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की इनोवा कार भी गड्ढे में फंस गई थी. बताया गया कि कार को बाहर निकालने में करीब दो घंटे का समय लगा. घटना के बाद सड़क की स्थिति को लेकर मामला और चर्चा में आ गया. अंबिकापुर पहुंचने के बाद पवन साय ने सड़क की खराब हालत को लेकर संबंधित अधिकारियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने नाराजगी जताई थी.
जशपुर से अंबिकापुर आ रहे थे पवन साय
जानकारी के मुताबिक, पवन साय बुधवार शाम जशपुर से अंबिकापुर की ओर जा रहे थे. उन्हें सूरजपुर और कोरिया में आयोजित भाजपा की बैठकों में शामिल होना था. इसी दौरान सीतापुर शहर के बीच से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-43 पर उनकी इनोवा गड्ढे में फंस गई. काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला जा सका. इसके बाद सड़क की बदहाली को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी चर्चा तेज हुई.
कांग्रेस भी सड़क को लेकर कर चुकी है प्रदर्शन
सीतापुर की जर्जर सड़क को लेकर कांग्रेस भी विरोध प्रदर्शन कर चुकी है. पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में सड़क की खराब स्थिति को लेकर प्रदर्शन किया गया था. अब नए निर्माण को मंजूरी मिलने के बाद स्थानीय लोगों को राहत की उम्मीद है. 3.8 किलोमीटर सड़क के फोरलेन निर्माण से सीतापुर शहर में आवागमन बेहतर होने के साथ सड़क से जुड़ी पुरानी परेशानी दूर होने की उम्मीद जताई जा रही है.
One thought on “CG News: सीतापुर की जर्जर सड़क का होगा कायाकल्प, 3.8 KM फोरलेन निर्माण को मंजूरी”