CG News: रायपुर में सनसनीखेज वारदात, सराफा कर्मचारी पर तलवार से हमला, 1 करोड़ के जेवरात लूटे
CG News: रायपुर के खरोरा इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने सराफा कारोबारी के कर्मचारी से करीब 1 करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। वारदात के दौरान बदमाशों ने तलवार से हमला कर कर्मचारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मैनेजर बना निशाना
पीड़ित टीकाराम शर्मा, जो महावीर ज्वैलर्स में मैनेजर हैं, एक ब्रांच से दूसरे ब्रांच जेवरात लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया, घटना मंगलवार शाम की है, जब आंधी-बारिश के चलते टीकाराम तिल्दाडीह मोड़ के पास रुक गए थे। जैसे ही वे आगे बढ़े, पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।
तलवार से हमला कर छीना बैग
बदमाशों ने टीकाराम के सिर पर तलवार से वार किया और उनके पास मौजूद जेवरात से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। आरोपियों की संख्या 2 से 3 बताई जा रही है, हमले में घायल मैनेजर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में यह वारदात पूरी तरह सुनियोजित लग रही है।