CG News: बस्तर में 4600 बस्तर फाइटर की भर्ती, स्थानीय युवाओं को मिलेगा बड़ा मौका
CG News: बस्तर के स्थानीय युवाओं को सरकारी नौकरी से जोड़ने के लिए सरकार ने भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर ली है. बस्तर के लिए 4600 बस्तर फाइटर की सीधी भर्ती की जाएगी. पुलिस मुख्यालय की ओर से जल्द ही भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा. वहीं गृह मंत्रालय ने भर्ती से जुड़ी नियमावली तैयार कर ली है. भर्ती में स्थानीय भाषा का ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को 20 बोनस अंक दिए जाने का प्रावधान रखा गया है.
स्थानीय युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर
सरकार इस भर्ती को बस्तर के युवाओं के साथ पूरे छत्तीसगढ़ के विकास से जोड़कर देख रही है. खासतौर पर 5वीं और 10वीं पास स्थानीय युवाओं के अलावा नक्सल प्रभावित परिवारों के सदस्यों को सरकारी सेवा का अवसर देने की तैयारी है. वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर के युवाओं के लिए यह बड़ी सौगात होगी और सरकार करीब 5 हजार युवाओं को रोजगार देने की दिशा में काम कर रही है. उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भर्ती प्रक्रिया में शामिल होकर देश की सेवा करने की अपील की.
स्थानीय निवासी होना जरूरी
नियमों के मुताबिक भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थी का संबंधित जिले का स्थानीय निवासी होना अनिवार्य होगा. सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास रखी गई है, जबकि एसटी वर्ग के अभ्यर्थी 5वीं पास होने पर भी पात्र होंगे. इसके अलावा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के नक्सल पीड़ित परिवारों और राहत शिविरों में रहने वाले परिवारों के सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को भी 5वीं पास होने पर भर्ती में शामिल होने का अवसर मिलेगा.
18 से 28 वर्ष तक के युवा कर सकेंगे आवेदन
भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी की उम्र 18 से 28 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है. एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट मिलेगी. महिलाओं, पूर्व सैनिकों, नगर सैनिकों और संविदा कर्मचारियों को भी नियमानुसार अतिरिक्त आयु छूट का लाभ मिलेगा. इस तरह अलग-अलग वर्गों के युवाओं के लिए भर्ती में पात्रता के अनुसार अवसर तय किए गए हैं.
200 अंकों की होगी चयन प्रक्रिया
बस्तर फाइटर भर्ती की चयन प्रक्रिया कुल 200 अंकों की होगी. इसमें शुरुआत में 100 अंकों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, 100 मीटर और 800 मीटर दौड़ जैसी गतिविधियां शामिल होंगी. सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे, जबकि एससी, एसटी और ओबीसी उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं. स्थानीय भाषा का ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को 20 बोनस अंक मिलने से स्थानीय युवाओं को भर्ती में अतिरिक्त लाभ मिलेगा.
यह भी पढ़ें : CG News: भरण-पोषण केस में पति-पत्नी दोनों को एक-दूसरे की आय जानने का अधिकार