CG News: 11 साल के बच्चे के दिल से जुड़ा दुर्लभ कैंसर सफलतापूर्वक निकाला, अंबेडकर अस्पताल की बड़ी उपलब्धि
CG News: रायपुर स्थित पं. नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय ने एक बेहद जटिल और दुर्लभ सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है, 11 वर्षीय बच्चे के हृदय से चिपके स्टेज-3 इनवेसिव थायमिक कैंसर (टाइप-बी थायमोमा) को निकालकर डॉक्टरों ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है.
कम उम्र में बेहद दुर्लभ बीमारी
डॉक्टरों के अनुसार, इस प्रकार का कैंसर आमतौर पर 40 से 60 वर्ष के लोगों में पाया जाता है, अब तक मेडिकल साहित्य में इसका सबसे कम उम्र का मामला 12 वर्ष का दर्ज था, जबकि इस केस में मरीज की उम्र 11 वर्ष रही.
कई अंगों से चिपका था ट्यूमर
यह ट्यूमर हृदय, महाधमनी, फेफड़े, पेरिकार्डियम और अन्य महत्वपूर्ण अंगों से जुड़ा हुआ था, इतनी जटिल स्थिति में ट्यूमर को पूरी तरह निकालना लगभग असंभव माना जाता है, लेकिन आधुनिक तकनीक और हार्ट-लंग मशीन की मदद से इसे सफलतापूर्वक हटाया गया.
ड्यूल एप्रोच तकनीक का इस्तेमाल
सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने ड्यूल एप्रोच तकनीक अपनाई, जिसमें छाती की हड्डी (स्टर्नम) और पसलियों के जरिए दो जगह से चीरा लगाया गया, इससे बड़े और जटिल ट्यूमर तक पहुंचना संभव हो सका.
चार घंटे चला ऑपरेशन
लगभग चार घंटे तक चली इस सर्जरी में मुख्य ट्यूमर के साथ फेफड़ों में फैले अन्य छोटे ट्यूमर भी हटाए गए, ऑपरेशन के दौरान हार्ट के कुछ हिस्सों की मरम्मत भी करनी पड़ी और मरीज को रक्त चढ़ाना पड़ा, सर्जरी और रेडिएशन थेरेपी के बाद अब बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है, वह दोबारा स्कूल जाना शुरू कर चुका है और हाल ही में अपनी कक्षा की परीक्षा भी दी है.
विशेषज्ञ टीम की अहम भूमिका
यह जटिल सर्जरी हार्ट, चेस्ट एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा की गई, उनकी विशेषज्ञता और समन्वय से यह मुश्किल ऑपरेशन संभव हो पाया, इस दुर्लभ केस को राष्ट्रीय कैंसर सर्जरी सम्मेलन में प्रस्तुत किया गया, जहां इसे बेस्ट पेपर अवार्ड से सम्मानित किया गया, अब इसे अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नल में प्रकाशित करने की तैयारी की जा रही है.
प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि
अस्पताल प्रशासन के अनुसार अब राज्य में ही जटिल सर्जरी संभव हो रही है, जिससे मरीजों को बड़े शहरों में जाने की जरूरत कम हो रही है, स्वास्थ्य मंत्री और चिकित्सा महाविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई दी है.