CG News: रायपुर में अवैध प्लाटिंग पर निगम सख्त, आयुक्त ने अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश
CG News: राजधानी रायपुर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ नगर निगम अब सख्त कदम उठाने की तैयारी में है, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने साप्ताहिक टीएल बैठक में सभी जोन कमिश्नरों को अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में निगम की कार्रवाई तेज हो सकती है.

विकास कार्यों की समीक्षा
नगर निगम मुख्यालय में हुई बैठक में आयुक्त ने विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की, उन्होंने अधिकारियों को तय लक्ष्यों के अनुसार काम में तेजी लाने और आम लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए, साथ ही भवन अनुज्ञा से जुड़े मामलों में भी नियमों के तहत कार्रवाई करने को कहा.
अवैध नल कनेक्शन होंगे नियमित
आयुक्त ने शहर में अवैध नल कनेक्शनों के नियमितीकरण अभियान को तेज करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार कनेक्शनों को नियमित कर उन्हें नगर निगम की करारोपण व्यवस्था में शामिल किया जाए, इसके अलावा राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने पर भी जोर दिया गया.
पेड़ संरक्षण और रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर जोर
प्रोजेक्ट पुनर्जीवन योजना के तहत शहर के वार्डों में पेड़ों के आसपास लगे पुराने ट्री गार्ड, कांक्रीट घेरे और पेवर हटाने के निर्देश दिए गए, साथ ही रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाने और अधिक से अधिक स्थानों पर इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, आयुष्मान कार्ड योजना में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए.
शिकायतों और आवास योजना पर फोकस
सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों का जल्द निराकरण करने को कहा गया, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे, बीएलसी और एएचपी घटक के लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए, शहर में विज्ञापन बोर्ड लगाने की प्रक्रिया भी निर्धारित नियमों और नीति के अनुसार कराने को कहा गया.
यह भी पढ़ें : CG News: दुरंतो एक्सप्रेस में करोड़ों का विदेशी सोना पकड़ा गया, RPF और DRI की संयुक्त कार्रवाई